बांदा जिला अस्पताल में मरीजों को मिलेगा ठंडा पानी
बांदा, के एस दुबे । भीषण गर्मी और बढ़ते पारे को देखते हुए बांदा जिला प्रशासन मरीजों और आम जनता को राहत पहुंचाने के लिए पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। जिलाधिकारी बांदा द्वारा पिछले दिनों जिला चिकित्सालय का औचक निरीक्षण किया गया था, जिसमें उन्होंने अस्पताल में आने वाले मरीजों और उनके तीमारदारों के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं तत्काल सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए थे।जिलाधिकारी के इन निर्देशों का असर अब धरातल पर दिखने लगा है। इसी क्रम में मुख्य चिकित्सा अधीक्षक जिला चिकित्सालय बांदा द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए अस्पताल परिसर में पेयजल की विशेष व्यवस्था की गई है। मरीजों को चिलचिलाती धूप में गर्म पानी न
पीना पड़े, इसके लिए अस्पताल प्रशासन द्वारा मुख्य पानी के टंकी में सीधे बर्फ डलवाई गई है, जिससे अब नलों और टंकियों से भी ठंडा पानी मिलना शुरू हो गया है। इसके साथ ही, जिला अस्पताल के उस संवेदनशील हिस्से पर भी विशेष ध्यान दिया गया है जहाँ मरीजों का रजिस्ट्रेशन किया जाता है। अक्सर रजिस्ट्रेशन काउंटर पर मरीजों और उनके परिजनों की लंबी लाइनें लगती हैं, जिससे उन्हें भारी गर्मी का सामना करना पड़ता था। अब इस स्थान पर लाइन में खड़े लोगों को गर्मी से बचाने के लिए वाटर कूलर की सुचारू व्यवस्था करा दी गई है। अस्पताल प्रशासन का कहना है कि जिलाधिकारी महोदय के निर्देशानुसार आने वाले दिनों में मरीजों की सुविधाओं का पूरा ख्याल रखा जाएगा ताकि इस भीषण गर्मी में किसी भी तीमारदार या मरीज को असुविधा न हो।


No comments:
Post a Comment