समाजसेवियों ने जजी चौराहे पर राहगीरों को बांटा शीतल जल और फलाहार - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Thursday, May 28, 2026

समाजसेवियों ने जजी चौराहे पर राहगीरों को बांटा शीतल जल और फलाहार

बांदा, के एस दुबे । बुंदेलखंड में नौतपा के चलते सूर्यदेव का रौद्र रूप जारी है और तापमान 45 डिग्री के पार पहुंचने से आम जनजीवन पूरी तरह त्रस्त है। इस चिलचिलाती धूप और भीषण गर्मी के बीच बांदा में मानवता की एक बेहद सुंदर तस्वीर सामने आई है। जिलाधिकारी अमित आसेरी की प्रेरणा से जजी चौराहे पर समाजसेवियों द्वारा राहगीरों, रिक्शा चालकों और मजदूरों को शीतल जल, शरबत एवं फलाहार वितरित कर राहत पहुंचाई गई।


यह पूरा आयोजन स्वर्गीय आशुतोष ओमर की पुण्य स्मृति में किया गया। इसमें भामाशाह पुरस्कार से सम्मानित प्रख्यात समाजसेवी श्री रामविलास गुप्ता, महिला ओमर वैश्य समाज की राष्ट्रीय अध्यक्ष व जय मोटर्स  एजेंसी और महिला हार्पर क्लब बांदा की सचिव श्रीमती संतोष गुप्ता ने मुख्य रूप से मोर्चा संभाला। समाज सेवी दंपत्ति ने स्वयं उपस्थित रहकर राहगीरों को ठंडा पानी, बेल का शरबत, पेठा, बिस्कुट और केले वितरित किए। कार्यक्रम में विशेष रूप से पहुंचे एडीएम न्यायिक श्री माया शंकर यादव ने इस पहल की मुक्तकंठ से सराहना की। उन्होंने कहा कि इस अभूतपूर्व गर्मी में बेसहारा और राहगीरों को राहत पहुंचाना ही सबसे बड़ी मानव सेवा है।

 आयोजकों ने बताया कि जब तक गर्मी का यह प्रकोप जारी रहेगा, तब तक प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक जजी चौराहे पर निरंतर शीतल जल और मौसमी फलों का वितरण किया जाता रहेगा। इस पुनीत कार्य में जय मोटर्स एजेंसी के कर्मचारियों और स्थानीय समाजसेवियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।समाजसेवी सुनील सक्सेना, शिव कुमार बड़कू, मोहित पाल, टीवीएस एजेंसी के मैनेजर लालू सिंह, प्रद्युम मिश्रा, धर्मेंद्र तिवारी, रोहित सोनी, निखिल पाल और जीतू तिवारी सहित समस्त स्टाफ मौजूद रहा।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages