बांदा, के एस दुबे । जनपद में अपराधियों पर नकेल कसने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली नगर पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। जिला अस्पताल परिसर से चोरी हुए एक ई-रिक्शा को पुलिस ने श्ऑपरेशन त्रिनेत्रश् के तहत लगे सीसीटीवी कैमरों और सटीक सूचना के आधार पर घटना के महज 6 घंटे के भीतर बरामद कर लिया है। पुलिस ने मौके से एक शातिर चोर को भी दबोचा है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, कोतवाली देहात क्षेत्र के ग्राम गुरेह निवासी दीपक पुत्र महावीर कल (30 मई) को अपनी पत्नी का इलाज कराने के लिए जिला अस्पताल बांदा आया हुआ था। उसने अपना ई-रिक्शा अस्पताल परिसर में खड़ा किया था, जिसे किसी अज्ञात चोर ने पार कर दिया। पीड़ित दीपक ने तत्काल इसकी सूचना थाना कोतवाली नगर पुलिस को दी।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के निर्देश पर कोतवाली नगर पुलिस ने तत्काल मुकदमा पंजीकृत कर चोर की तलाश के लिए टीमों का गठन किया। अस्पताल चौकी प्रभारी रामू सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू की। पुलिस ने ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी साक्ष्यों की मदद ली। इसके बाद देर रात सटीक सूचना पर घेराबंदी करते हुए पुलिस ने रेलवे मालगोदाम के पास से अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से चोरी का ई-रिक्शा भी सकुशल बरामद हो गया। गिरफ्तार अभियुक्त हाशिम भाई पुत्र शकूर खान निवासी खुटला का बताया गया। आरोपी के विरुद्ध कोतवाली नगर में मु०अ०सं० 268/26 धारा 303(2)/317(2) बीएनएस (भारतीय न्याय संहिता) के तहत मामला दर्ज कर जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है। इस त्वरित और सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में मुख्य रूप से जिला अस्पताल चौकी प्रभारी रामू सिंह, हेड कांस्टेबल भैयाराम और कांस्टेबल शैलेंद्र कुमार शामिल रहे। स्थानीय लोगों और पीड़ित परिवार ने बांदा पुलिस की इस मुस्तैदी की जमकर सराहना की है।


No comments:
Post a Comment