थानों से लेकर पुलिस कार्यालय तक गूंजा तंबाकू मुक्ति का संकल्प
बांदा, के एस दुबे । विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर जनपद बांदा के पुलिस कार्यालय, पुलिस लाइन और सभी थानों में एक विशेष नशामुक्ति अभियान चलाया गया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को तंबाकू व धूम्रपान से पूरी तरह दूर रहने तथा अपने कार्यस्थल व आसपास के माहौल को तंबाकू मुक्त बनाने की सामूहिक शपथ दिलाई गई। तंबाकू के खिलाफ इस मुहिम के तहत पुलिस लाइन में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में सहायक पुलिस अधीक्षक क्षेत्राधिकारी लाइन सुश्री मेविस टॉक ने कमान संभाली। उन्होंने वहां मौजूद सभी पुलिसकर्मियों को तंबाकू उत्पादों के सेवन और धूम्रपान से दूर रहने का संकल्प दिलाया। साथ ही, उन्होंने पुलिस बल से समाज में इसके खतरों के प्रति जागरूकता फैलाने का भी आह्वान किया।
उधर, पुलिस कार्यालय में क्षेत्राधिकारी सदर सौरभ सिंह ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को तंबाकू निषेध की शपथ दिलाई। इस मौके पर उन्होंने तंबाकू से होने वाले दुष्प्रभावों पर गहरा प्रकाश डालते हुए कहा कि तंबाकू का सेवन गंभीर और जानलेवा स्वास्थ्य समस्याओं को जन्म देता है। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों को एक स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और तंबाकू मुक्त समाज के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। इसी क्रम में जनपद के समस्त थाना प्रभारियों ने अपने-अपने थानों में मातहतों को इकट्ठा कर धूम्रपान न करने की शपथ दिलाई। पुलिसकर्मियों ने संकल्प लिया कि वे न तो स्वयं तंबाकू का सेवन करेंगे और न ही थाने परिसर में किसी को ऐसा करने देंगे। इसके साथ ही पुलिसकर्मी आम जनमानस को भी नशे के इस दलदल से बाहर निकालने के लिए जागरूक करेंगे।


No comments:
Post a Comment