अमारा से मरोहला डेरा तक 2.25 करोड़ रुपए से चमकेगी सड़क, योगी सरकार ने दिया ग्रामीणों को बड़ा तोहफा - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Wednesday, July 1, 2026

अमारा से मरोहला डेरा तक 2.25 करोड़ रुपए से चमकेगी सड़क, योगी सरकार ने दिया ग्रामीणों को बड़ा तोहफा

पीडब्ल्यूडी ने तय समय में काम खत्म करने के लिए झोंकी पूरी ताकत

बरसों का इंतजार हुआ खत्म, सड़क बनने से क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों का आवागमन होगा बेहद सुगम और सुरक्षित

बांदा, के एस दुबे ।  उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने बांदा जनपद के विकास को एक नई रफ्तार दी है। जिला मुख्यालय से सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों को मुख्य धारा से जोड़ने के संकल्प के तहत पैलानी तहसील को एक बड़ी सौगात मिली है। क्षेत्र के अमारा गांव से मरोहला डेरा तक 2.25 करोड़ रुपए की भारी-भरकम लागत से एक नई और चमचमाती सड़क का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। इस सड़क के बनने से क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों का बरसों पुराना इंतजार अब खत्म होने जा रहा है।



समय सीमा के भीतर काम पूरा करने का लक्ष्य

लोक निर्माण विभाग की देखरेख में इस महत्वपूर्ण सड़क का निर्माण कार्य 31 मार्च से शुरू कर दिया गया है। सरकार के सख्त निर्देशों का पालन करते हुए पीडब्ल्यूडी ने इसे तय समय सीमा के भीतर पूरा करने के लिए अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। विभाग के अधिकारियों के अनुसार इस परियोजना को 30 मार्च 2027 तक हर हाल में पूरा कर लिया जाएगा। गुणवत्ता और समयबद्धता को लेकर निर्माण स्थल पर लगातार निगरानी रखी जा रही है ताकि ग्रामीणों को एक मजबूत और टिकाऊ मार्ग मिल सके।

ग्रामीणों को मिलेगी दिक्कतों से निजात

अमारा गांव से मरोहला डेरा तक का यह मार्ग लंबे समय से जर्जर स्थिति में था। धूल के गुबार, बड़े-बड़े गड्ढे और बारिश के दिनों में जलभराव के कारण इस क्षेत्र के ग्रामीणों का पैदल चलना भी दूभर हो जाता था। इसके अलावा इस क्षेत्र के मरीजों को अस्पताल ले जाने और बच्चों को स्कूल भेजने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। वहीं अब 2.25 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाली इस आधुनिक सड़क के बाद क्षेत्र का आवागमन न सिर्फ सुगम होगा बल्कि बेहद सुरक्षित भी हो जाएगा। वहीं दुर्घटनाओं की आशंका खत्म होगी और वाहनों के रख-रखाव का खर्च भी बचेगा।

योगी सरकार की इस सौगात से पैलानी तहसील के दर्जनों गांवों के ग्रामीणों में भारी उत्साह और खुशी की लहर है। इस क्षेत्र के लोगों का कहना है कि पिछली सरकारों ने इस इलाके की सुध नहीं ली थी। लेकिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में बिना किसी भेदभाव के विकास कार्य जमीन पर उतर रहे हैं। ग्रामीणों ने योगी सरकार का आभार जताते हुए कहा कि यह सड़क हमारे लिए किसी लाइफलाइन से कम नहीं है। सड़क बनने से न सिर्फ राह आसान होगी बल्कि क्षेत्र के किसानों को अपनी उपज मंडियों तक पहुंचाने में भी मदद मिलेगी। जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।





No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages