उप निबंधन विभाग ने बांटी छबील
बांदा, के एस दुबे । बुंदेलखंड की तपती धूप, उमस भरी गर्मी और भीषण हीटवेव के बीच बांदा जनपद में मानवता और संवेदनशील प्रशासन की एक बेहद खूबसूरत तस्वीर देखने को मिल रही है। जिलाधिकारी अमित आसेरी की प्रेरणा से राहगीरों को राहत पहुंचाने के लिए शुरू किया गया श्शीतल जल एवं छबील वितरण अभियानश् आज अपने 66वें सेवा दिवस में प्रवेश कर गया है। प्रशासन और समाज के इस अनूठे समन्वय की सराहना अब पूरे बुंदेलखंड में हो रही है। इसी पुनीत अभियान की कड़ी में उप निबंधन विभाग बांदा, बबेरू, अतर्रा एवं नरैनी द्वारा 3 जुलाई से 5 जुलाई 2026 तक तीन दिवसीय विशेष शीतल जल एवं छबील वितरण कैंप का आयोजन किया गया। इस शिविर के माध्यम से तपती धूप में सफर कर रहे हजारों राहगीरों को शीतल जल, मीठी छबील, पेठा, चना और
बिस्किट आदि वितरित कर गर्मी से बड़ी राहत पहुंचाई गई। एडीएम स्टेनो शाकिर अली, समाजसेवी/पत्रकार सुनील सक्सेना, अरुण निगम बबेरू निबंधन विभाग, टीएसआई निहाल सिंह सेंगर यातायात पुलिस, जितेन्द्र यादव स्टाम्प पंजीयन सहित भारी संख्या में विभागीय कर्मचारी उपस्थित रहे और श्रमदान किया। जिलाधिकारी अमित आसेरी की इस जनकल्याणकारी पहल का मुख्य उद्देश्य यही है कि भीषण गर्मी के दौरान कोई भी राहगीर लू या हीटवेव का शिकार न हो। जनपद के विभिन्न सरकारी विभाग, सामाजिक संगठन और समाजसेवी इस अभियान को अपनी ताकत दे रहे हैं। भीषण और उमस भरी गर्मी के बीच लगातार 66 दिनों से चल रहा यह अभियान इस बात का प्रमाण है कि जब प्रशासन और जनता एक साथ मिलकर खड़े होते हैं, तो आपदाएं भी छोटी पड़ जाती हैं। स्थानीय नागरिकों ने उप निबंधन विभाग और जिला प्रशासन की इस सहभागिता की भूरि-भूरि प्रशंसा की है।


No comments:
Post a Comment