एडीजी प्रयागराज जोन ने पुलिस लाइन एवं कार्यक्रम स्थल का किया स्थलीय निरीक्षण
लापरवाही पर मिलेगी कड़ी सजा, आमजन को न हो असुविधाः एडीजी
बांदा, के एस दुबे । जनपद में आगामी प्रस्तावित वीवीआईपी भ्रमण कार्यक्रम को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। सुरक्षा व्यवस्थाओं को अभेद्य बनाने और तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए रविवार, 5 जुलाई 2026 को अपर पुलिस महानिदेशक प्रयागराज जोन, ज्योति नारायण ने बांदा का दौरा किया। उन्होंने पुलिस अधिकारियों के साथ पुलिस लाइन और प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल का बारीकी से स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान एडीजी प्रयागराज जोन के साथ पुलिस उपमहानिरीक्षक चित्रकूट धाम परिक्षेत्र बांदा राजेश एस. और पुलिस अधीक्षक बांदा पलाश बंसल मुख्य रूप से मौजूद रहे। अधिकारियों के अमले ने सबसे पहले पुलिस लाइन का निरीक्षण किया। यहाँ सुरक्षा व्यवस्था, ड्यूटी प्लान, तैनात पुलिस बल की उपलब्धता, वाहनों की व्यवस्था और अन्य आवश्यक तैयारियों की समीक्षा की गई। इसके बाद एडीजी और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल का रुख किया। यहाँ वीवीआईपी मूवमेंट को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजामों को परखा गया।
निरीक्षण के दौरान एडीजी ज्योति नारायण ने मातहतों को सख्त लहजे में निर्देशित किया कि वीवीआईपी कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी और कर्मचारी अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी और सतर्कता के साथ करें। यातायात व्यवस्था को इस तरह संचालित किया जाए कि आम जनता को आवागमन में किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। एडीजी ने सभी सुरक्षा व्यवस्थाओं को समय से पूरा करने और कार्यक्रम स्थल के प्रत्येक बिंदु पर प्रभावी निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी विभागों और पुलिस अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए इस पूरे कार्यक्रम को सकुशल, शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने की हिदायत दी है।


No comments:
Post a Comment