बांदा, के एस दुबे । जनपद में अपराध एवं अपराधियों पर अंकुश लगाने और चोरी की घटनाओं के खुलासे के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बिसंडा थाना पुलिस और स्वाट/एसओजी की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने मुखबिर की सटीक सूचना पर ट्रैक्टर-ट्रॉली चोरी करने वाले अंतर्जनपदीय गिरोह के दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर लिया है। इनके पास से चोरी का ट्रैक्टर-ट्रॉली और अवैध असलहा बरामद हुआ है। पुलिस अधीक्षक बांदा पलाश बंसल के कुशल निर्देशन में बिसंडा थाना पुलिस और एसओजी टीम क्षेत्र में गश्त और
चेकिंग पर थी। इसी दौरान 4/5 जुलाई 2026 की दरमियानी रात को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे पुल के नीचे घेराबंदी की। पुलिस ने मौके से दो अंतर्जनपदीय अभियुक्तों को चोरी के ट्रैक्टर-ट्रॉली के साथ दबोच लिया, जबकि इनका एक साथी अंधेरे का लाभ उठाकर मौके से फरार होने में कामयाब रहा। फरार अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है।
जयचन्द्र पुत्र प्रेमचन्द्र निवासी गड़रियन का पुरवा, थाना डलमऊ, जनपद रायबरेली, मोहम्मद नफीस पुत्र मोहम्मद सफीक निवासी कोरौली, थाना गदागंज, जनपद रायबरेली, रज्जन पुत्र रामबहादुर निवासी नेवाजगंज, थाना डलमऊ, जनपद रायबरेली, पूछताछ में कबूला जुर्म गैराज से उड़ाया था ट्रैक्टर कड़ाई से की गई पूछताछ में अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि उन्होंने अपने फरार साथी रज्जन के साथ मिलकर बीती 22 जून की रात को कस्बा बिसंडा स्थित एक ट्रेडर्स के गैराज से ट्रैक्टर-ट्रॉली चोरी की थी, जिसकी रिपोर्ट 23 जून को दर्ज हुई थी। इसके अलावा उन्होंने 27/28 जून की रात को बिसंडा क्षेत्र के ही ग्राम पारा बिहारी से एक और ट्रॉली चोरी की थी, जिसे उन्होंने बेच दिया था। इस बड़ी कामयाबी को अंजाम देने वाली संयुक्त टीम में मुख्य रूप से बिसंडा थानाध्यक्ष चन्द्रप्रकाश तिवारी, उपनिरीक्षक पवन कुमार पाण्डेय, उपनिरीक्षक श्याम बहादुर सिंह, हेड कांस्टेबल महेश्वरी प्रसाद त्रिपाठी, हेड कांस्टेबल अश्वनी प्रताप सिंह , कांस्टेबल प्रतीक सिंह , कांस्टेबल अमित त्रिपाठी , कांस्टेबल ऋषभ कुमार और कांस्टेबल अनूप कुमार शामिल रहे।


No comments:
Post a Comment