शादी के 18 साल बाद महिला को बंधक बनाकर पीटा - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Monday, July 6, 2026

शादी के 18 साल बाद महिला को बंधक बनाकर पीटा

बचाने आए भाई और मामी का भी फोड़ा सिर, मासूम बेटे ने बनाया मारपीट का वीडियो

बांदा, के एस दुबे । जनपद में खाकी की असंवेदनशीलता और घरेलू हिंसा का एक बेहद रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ शादी के 18 साल बाद एक महिला को कम दहेज और पति के अवैध संबंधों का विरोध करने पर ससुराल वालों ने बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा। हद तो तब हो गई जब लहूलुहान हालत में न्याय मांगने पहुंची पीड़िता को कालूकुंआ चौकी और कोतवाली नगर पुलिस ने दुत्कार कर भगा दिया। थक-हारकर पीड़ित परिवार ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई है। मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता सोनी


राजपूत का विवाह 18 वर्ष पूर्व हुआ था। आरोप है कि कम दहेज की मांग और पति के किसी अन्य महिला से अवैध संबंधों का विरोध करने पर पीड़िता को उसके पति मोहन राजपूत, सास और ससुर ने मिलकर एक कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद तीनों ने मिलकर सोनी पर डंडों और लात-घूसों से जानलेवा हमला कर दिया, जिससे उसे गंभीर चोटें आई हैं।घटना की जानकारी मिलते ही जब मायके पक्ष के लोग सोनी को बचाने ससुराल पहुंचे, तो दबंग ससुरालियों ने उन पर भी लाठी-डंडों से हमला बोल दिया। बीच-बचाव करने आई पीड़िता की मामी और भाई राकेश को भी बेरहमी से पीटा गया, जिससे उनका सिर फट गया।

इस पूरी बर्बरता के दौरान घर में मौजूद सोनी के मासूम बेटे ने अपनी आँखों के सामने मां पर हो रहे अत्याचार का वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया। मासूम बेटे ने बताया कि मारपीट के दौरान उसके पिता हाथ में हंसिया लेकर उसकी माँ की गर्दन काटने की धमकी दे रहे थे। इस पूरे मामले में स्थानीय पुलिस का रवैया बेहद अमानवीय और शर्मनाक रहा। खून से लथपथ और गंभीर रूप से घायल पीड़िता जब शिकायत लेकर कालूकुंआ चौकी और फिर कोतवाली नगर पहुंची, तो वहां तैनात पुलिसकर्मियों ने उसकी एक न सुनी। खाकी ने संवेदनशीलता की सारी हदें पार करते हुए न सिर्फ रिपोर्ट दर्ज करने से मना कर दिया, बल्कि गंभीर रूप से घायल पीड़ितों को चौकी से दुत्कार कर भगा दिया। ससुरालियों के खौफ और पुलिस की इस घोर लापरवाही से त्रस्त होकर अब पीड़ित परिवार ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय का दरवाजा खटखटाया है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई व न्याय की मांग की है। मासूम बेटे द्वारा बनाया गया वीडियो अब मामले में बड़ा सबूत माना जा रहा है।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages