पैलानी/बांदा, के एस दुबे । जसपुरा कस्बे में पुराने बस स्टॉप से लेकर गल्ला मंडी तक की सड़क पूरी तरह गड्ढों में तब्दील हो चुकी है। बरसात के चलते इन गड्ढों में पानी भर जाने से राहगीरों और वाहन चालकों के लिए यह मार्ग जानलेवा बन गया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) इस सड़क की मरम्मत कराने की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठा रहा है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि प्रतिदिन इस मार्ग से हजारों लोग, स्कूली बच्चे, व्यापारी और ग्रामीण आवागमन करते हैं। सड़क पर बने
बड़े-बड़े गड्ढों के कारण दोपहिया वाहन चालक अक्सर संतुलन खो बैठते हैं और दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। भारी वाहन गुजरने से स्थिति और भी खराब हो गई है। लोगों का कहना है कि इसी मार्ग से जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी भी गुजरते हैं, लेकिन सड़क की दुर्दशा पर किसी का ध्यान नहीं जा रहा। उनका आरोप है कि पीडब्ल्यूडी किसी बड़ी दुर्घटना का इंतजार कर रहा है। स्थानीय नागरिकों ने जिला प्रशासन और लोक निर्माण विभाग तत्काल प्रभाव से सड़क निर्माण की मांग की हैं।


No comments:
Post a Comment