बसपा ने एक माह में फिर बदला जिलाध्यक्ष, रामसेवक प्रजापति को मिली कमान - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Sunday, July 26, 2026

बसपा ने एक माह में फिर बदला जिलाध्यक्ष, रामसेवक प्रजापति को मिली कमान

बांदा, के एस दुबे । बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने संगठन को मजबूत करने की दिशा में एक बार फिर बड़ा संगठनात्मक बदलाव करते हुए रामसेवक प्रजापति को बांदा का नया जिलाध्यक्ष नियुक्त किया है। वहीं बल्देव प्रसाद वर्मा को पार्टी का मुख्य मंडल प्रभारी बनाया गया है। उल्लेखनीय है कि करीब एक माह पूर्व ही पार्टी ने गुलाब वर्मा को जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी थी, लेकिन अब नेतृत्व में बदलाव करते हुए संगठन की कमान रामसेवक प्रजापति को सौंप दी गई है।


रविवार को कचहरी परिसर स्थित अंबेडकर पार्क में नवनियुक्त पदाधिकारियों के स्वागत में भव्य समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ भारत रत्न बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण एवं श्रद्धांजलि अर्पित कर किया गया। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने नव नियुक्त जिलाध्यक्ष रामसेवक प्रजापति और मुख्य मंडल प्रभारी बल्देव प्रसाद वर्मा का फूल-मालाओं से जोरदार स्वागत किया। समारोह को संबोधित करते हुए नेताओं ने कहा कि पार्टी का मुख्य उद्देश्य बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करना और बहुजन समाज पार्टी की नीतियों एवं विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी चुनावों की तैयारियों में पूरी ताकत के साथ जुटने और संगठन को और अधिक सक्रिय बनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने बाबा साहब के विचारों और भारतीय संविधान के संदेश को घर-घर तक पहुंचाने तथा पार्टी को मजबूत बनाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में बसपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समर्थक मौजूद रहे।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages