लोगों में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ
पुलिस चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने में नाकाम साबित हो रही है
क्षेत्र के प्रसिद्ध भिखार देवी माता मंदिर से अष्टधातु की प्राचीन मूर्ति चोरी
बांदा/जसपुरा, के एस दुबे । जसपुरा थाना क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। क्षेत्र में आए दिन चोरी की वारदातें सामने आ रही हैं, जिससे लोगों में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पुलिस चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने में नाकाम साबित हो रही है, जबकि अवैध गतिविधियों पर कार्रवाई के बजाय वसूली में अधिक सक्रिय दिखाई देती है। ताजा मामले में क्षेत्र के प्रसिद्ध भिखार देवी माता मंदिर से अष्टधातु की प्राचीन मूर्ति चोरी होने की घटना ने श्रद्धालुओं और ग्रामीणों को झकझोर दिया है। धार्मिक आस्था से जुड़ी इस घटना को लेकर लोगों में भारी आक्रोश है और दोषियों की शीघ्र
गिरफ्तारी की मांग की जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि लगातार चोरी की घटनाओं के बावजूद पुलिस की गश्त और निगरानी व्यवस्था प्रभावी नहीं है। उनका आरोप है कि यदि समय रहते पुलिस ने सख्त कदम उठाए होते तो ऐसी घटनाओं पर रोक लगाई जा सकती थी। क्षेत्रवासियों ने पुलिस अधीक्षक से मामले का संज्ञान लेकर विशेष अभियान चलाने, चोरी की घटनाओं का खुलासा करने तथा मंदिर से चोरी हुई अष्टधातु की मूर्ति बरामद कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।


No comments:
Post a Comment