बांदा, के एस दुबे । जिले के जसपुरा थाना क्षेत्र के ग्राम रामपुर स्थित माँ भिखार देवी मंदिर से अष्टधातु की मूर्ति चोरी होने का मामला सामने आया है। घटना के संबंध में जसपुरा थाना पुलिस ने अज्ञात चोरों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 305(d) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एफआईआर के अनुसार, मंदिर के संरक्षक भजन सिंह पुत्र रामरूप सिंह ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि 18/19 जुलाई की रात अज्ञात चोर मंदिर के गर्भगृह में स्थापित अष्टधातु की मूर्ति चोरी कर ले गए। सुबह श्रद्धालुओं के पूजा करने पहुंचने पर मूर्ति गायब मिली, जिसके बाद उन्हें घटना की जानकारी हुई। मौके पर पहुंचकर उन्होंने देखा कि गर्भगृह से मूर्ति चोरी हो चुकी थी।
शिकायतकर्ता के अनुसार, चोरी हुई अष्टधातु की मूर्ति की अनुमानित कीमत करीब 80 हजार रुपये है। मामले की सूचना पर जसपुरा थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर उपनिरीक्षक अशोक कुमार यादव को विवेचना सौंपी है। पुलिस का कहना है कि अज्ञात चोरों की तलाश की जा रही है और आसपास के साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है। स्थानीय लोगों ने मंदिर से मूर्ति चोरी की घटना का शीघ्र खुलासा कर दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की है।


No comments:
Post a Comment