दो दिवसीय सामुदायिक स्पॉन्सर मिलन समारोह का हुआ आयोजन
चित्रकूट, सुखेन्द्र अग्रहरि : धर्मनगरी स्थित सदगुरु नेत्र चिकित्सालय जानकीकुंड में दो दिवसीय सामुदायिक स्पॉन्सर मिलन समारोह आयोजित किया गया। यह मिलन समारोह अंधत्व निवारण के क्षेत्र में अपना अभूतपूर्व योगदान देने वाले और समाज एवं देश से अंधत्व को कम करने में अपनी अहम भूमिका निभाने वाले उत्तर प्रदेश एवं मध्य प्रदेश के समाजसेवियों के लिए आयोजित किया गया। इस मिलन समारोह में स्व. पद्मश्री बी के जैन के सेवा मिशन को आगे बढ़ाने का सामूहिक संकल्प लिया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ ट्रस्ट के निदेशक एवं ट्रस्टी डॉ इलेश जैन, महिला समिति की अध्यक्ष उषा जैन एवं दोनों प्रदेशों से आए हुए अतिथियों ने गुरु पूजन एवं मानव सेवा के लिए समर्पित रहे कर्मयोगी स्वर्गीय पद्मश्री डॉ बीके जैन के चित्र में पुष्पों की सादर भावभीनी श्रद्धांजलि देकर किया। इस मिलन समारोह में उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि डॉ बीके जैन ने अंधत्व निवारण और मानव सेवा के क्षेत्र
में जो कार्य शुरू किए हैं उन्हें आगे बढ़ना ही उनके प्रति हम सब लोगों की सच्ची श्रद्धांजलि होगी। कार्यक्रम में उपस्थित सभी समाज सेवियों ने संकल्प लिया की मोतियाबिंद सहित अन्य नेत्र रोग के उपचार और नेत्र रोगियों तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के वर्तमान लक्ष्य को दुगना करने के लिए पूरे निष्ठा और समर्पण भाव के साथ काम करेंगे। इस अवसर पर ट्रस्ट के निदेशक डॉ इलेश जैन ने दोनों प्रदेशों से आए हुए सभी समाजसेवियों एवं अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया, उन्होंने कहा कि उनके पिता स्व पद्मश्री डॉ बीके जैन को जिस प्रकार दोनों प्रदेश के सभी समाजसेवियों का सहयोग और आशीर्वाद मिला है, उसी तरह वह भी आप सभी के सहयोग और आशीर्वाद से इस मानव सेवा अभियान को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का प्रयास करेंगे और यह ऊंचाई आप सभी के सहयोग और आशीर्वाद से ही संभव है। इस दौरान शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में नेत्र शिविर आयोजित कर जरूरतमंद नेत्र रोगियो का उपचार एवं सहयोग पहुंचाने वाले सभी उपस्थित समाजसेवियों को मंच पर बुलाकर सम्मानित किया गया। बताया कि आने वाले समय में उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के प्रत्येक जिले और गांव गांव तक नेत्र चिकित्सा शिविर पहुंचाने की दिशा में व्यापक अभियान चलाया जाएगा ताकि कोई भी जरूरतमंद नेत्र रोगी उपचार से वंचित न रह सके।


No comments:
Post a Comment