बांदा, के एस दुबे । मेरठ जनपद की दलित छात्रा ललिता गौतम हत्याकांड को लेकर और बीते 8 जुलाई 2026 को मेरठ में न्याय की मांग कर रहे प्रदर्शनकारियों पर हुए कथित पुलिस लाठीचार्ज के विरोध में भीम आर्मी भारत एकता मिशन बांदा ने मोर्चा खोल दिया है। 13 जुलाई 2026 को भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं ने बांदा के अंबेडकर पार्क में विशाल धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के उपरांत कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू को संबोधित एक विस्तृत ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की।
धरने को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि मेरठ की दलित छात्रा ललिता गौतम की हत्या अत्यंत दर्दनाक और गंभीर घटना है। आरोप लगाया गया कि घटना की निष्पक्ष जांच नहीं हो रही है और सभी आरोपियों की गिरफ्तारी अब तक सुनिश्चित नहीं की गई है। इसके साथ ही प्रदर्शनकारियों ने राष्ट्रपति से मांग की है कि मामले की सीबीआई जांच कराई जाए, सभी संदिग्धों को तुरंत गिरफ्तार किया जाए और पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता, सरकारी नौकरी व सुरक्षा प्रदान की जाए।
ज्ञापन में मेरठ के तत्कालीन एसएसपी अविनाश पांडेय पर गंभीर आरोप लगाते हुए मांग की गई है कि उन पर लगे आरोपों की स्वतंत्र जांच कराई जाए और जांच पूरी होने तक उन्हें निलंबित किया जाए। आरोप सिद्ध होने पर उनके खिलाफ विधिसम्मत कड़ी कार्रवाई की जाए। भीम आर्मी ने मांग की है कि 8 जुलाई के प्रदर्शन के बाद शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों के विरुद्ध दर्ज किए गए मुकदमों की निष्पक्ष समीक्षा कर उन्हें वापस लिया जाए और घायल लोगों को उचित उपचार व मुआवजा दिया जाए। इसके अलावा, प्रदेश में दलित एवं वंचित वर्ग की महिलाओं के विरुद्ध बढ़ते अपराधों की रोकथाम के लिए श्विशेष टास्क फोर्सश् गठित करने और पुलिस अधिकारियों को मानवाधिकार व महिला सुरक्षा का विशेष प्रशिक्षण दिए जाने की भी मांग उठाई गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे भीम आर्मी बांदा के जिला संयोजक/अध्यक्ष मनोज रुस्तम ने कहा कि संगठन संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों में विश्वास रखता है, इसलिए न्याय की यह लड़ाई पूरी तरह शांतिपूर्ण एवं संवैधानिक तरीके से जारी रहेगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि पीड़ित परिवार को जल्द न्याय नहीं मिला, तो संगठन पूरे प्रदेश में लोकतांत्रिक तरीके से व्यापक जनांदोलन के लिए बाध्य होगा। इस दौरान मुख्य रूप से एडवोकेट मीरा नाहर जिलाध्यक्ष महिला मोर्चा, ए.एस.पी. बांदा, दीपक रावण पूर्व मंडल महासचिव भीम आर्मी चित्रकूट, डॉ. अनिल वर्मा पूर्व जिलाध्यक्ष आ.स.पा. बांदा, दीपक सिद्धार्थ, जगरूप प्रजापति, प्रदीप सोनकर, सुशील कुमार, महेंद्र लोहिया, किशन समुद्रे सहित भारी संख्या में ग्रामीण, युवा और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


No comments:
Post a Comment