मऊ में अवैध खाद फैक्टरी का भंडाफोड़, एसडीएम की बड़ी कार्रवाई - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Thursday, July 23, 2026

मऊ में अवैध खाद फैक्टरी का भंडाफोड़, एसडीएम की बड़ी कार्रवाई

डीएपी लेबल लगाकर तैयार हो रही थी नकली खाद, 1000 खाली बोरियां बरामद, गोदाम सील

चित्रकूट,  सुखेन्द्र अग्रहरि : मऊ तहसील प्रशासन ने किसानों के हितों की सुरक्षा को लेकर बड़ी कार्रवाई करते हुए गुरुवार सुबह करीब 7ः30 बजे मऊ थाना क्षेत्र के सुरौंधा गांव में संचालित एक अवैध खाद फैक्टरी का भंडाफोड़ किया। कार्रवाई का नेतृत्व उपजिलाधिकारी राम ऋषि रमन ने किया। छापेमारी के दौरान मौके से भारी मात्रा में संदिग्ध खाद, निर्माण सामग्री और करीब 1000 खाली खाद की बोरियां बरामद हुईं। जांच में ऐसे साक्ष्य मिले कि सस्ती व नकली खाद को ‘भारत डीएपी’ का लेबल लगे बोरों में भरकर तैयार किया जा रहा था। कार्रवाई की भनक लगते ही


आरोपियों ने कुछ खाली बोरियां दुकान के पीछे से नदी में फेंक दीं, जिन्हें प्रशासन ने ग्रामीणों की मदद से बरामद कर कब्जे में ले लिया। मौके पर पहुंचे जिला कृषि अधिकारी आरके वर्मा ने अपनी टीम के साथ खाद के नमूने लिए और गोदाम को सील कर दिया। इसके साथ ही फैक्टरी के संचालन से जुड़े दस्तावेजों की जांच की गई और संबंधित लोगों से पूछताछ की गई। एसडीएम राम ऋषि रमन ने बताया कि जांच में अवैध निर्माण या नकली खाद की बिक्री की पुष्टि होने पर संबंधित लोगों के खिलाफ उर्वरक नियंत्रण आदेश और अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। किसानों के हितों की रक्षा के उद्देश्य से श्यामू खाद एवं बीज भंडार के विरुद्ध थाना मऊ में प्राथमिकी दर्ज कराई जा रही है। प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध खाद कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है। इस मौके पर सीओ मऊ फहद अली, प्रभारी निरीक्षक श्रीप्रकाश यादव, कृषि विभाग की टीम मौजूद रहे।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages