आयुक्त ने अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक
बांदा, के एस दुबे । मंडल में उर्वरकों की उपलब्धता एवं वितरण व्यवस्था की समीक्षा करते हुए आयुक्त ने अधिकारियों को किसानों को समय से निर्धारित मूल्य पर खाद उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उर्वरक वितरण में किसी भी प्रकार की कालाबाजारी, जमाखोरी, टैगिंग (अन्य उत्पादों की अनिवार्य बिक्री) तथा निर्धारित मूल्य से अधिक वसूली किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शिकायत मिलने पर संबंधित के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। आयुक्त चित्रकूट धाम मंडल अजीत कुमार ने प्रभारी संयुक्त निदेशक (कृषि) एवं उपायुक्त एवं उप निबंधक (सहकारिता) के साथ बैठक में चारों जनपदों में उर्वरकों की उपलब्धता, मांग एवं वितरण
की समीक्षा की। अधिकारियों ने बताया कि मंडल में यूरिया पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है और इसकी कोई कमी नहीं है। जबकि डीएपी की आंशिक कमी है। इसकी मांग शासन को भेजी जा चुकी है तथा अगले एक-दो दिन में मंडल के चारों जनपदों के लिए एक-एक रैक डीएपी मिलने की संभावना है। इसके बाद डीएपी की उपलब्धता सामान्य हो जाएगी। आयुक्त ने निर्देश दिए कि सभी उर्वरक बिक्री केंद्रों का नियमित निरीक्षण किया जाए तथा प्रत्येक केंद्र पर स्टॉक, बिक्री मूल्य और उपलब्ध उर्वरकों की जानकारी प्रमुखता से प्रदर्शित की जाए। वितरण व्यवस्था पारदर्शी एवं व्यवस्थित हो तथा किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि वृद्ध, महिला एवं दिव्यांग किसानों के लिए अलग कतार की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही जिन केंद्रों पर उर्वरकों का स्टॉक कम होने की संभावना हो, वहां समय रहते मांग भेजकर आपूर्ति बनाए रखी जाए, ताकि कृत्रिम अभाव की स्थिति उत्पन्न न हो। आयुक्त ने अधिकारियों को प्रतिदिन उर्वरकों की उपलब्धता एवं वितरण की समीक्षा करने, नियमित क्षेत्र भ्रमण कर निगरानी रखने तथा किसानों की शिकायतों का त्वरित निस्तारण करने के निर्देश दिए। कमिश्नर अजीत कुमार ने कहा कि खरीफ फसल को देखते हुए किसानों को समय पर उर्वरक उपलब्ध कराना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।


No comments:
Post a Comment