बांदा , के एस दुबे । जनपद में चलाए जा रहे नशा विरोधी अभियान “ऑपरेशन ईगल” के तहत तिंदवारी थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 5 किलो 65 ग्राम अवैध सूखा गांजा बरामद कर दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। मामले में एक अन्य आरोपी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है। पुलिस के अनुसार, 23 जुलाई की देर शाम थाना तिंदवारी पुलिस गश्त और वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान ग्राम तेरही माफी रोड पर दो संदिग्ध व्यक्तियों को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से कुल 5 किलो 65 ग्राम अवैध सूखा गांजा
बरामद हुआ। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिहार के भोजपुर जनपद निवासी हरेन्द्र पुत्र कन्हिया लाल तथा सरिवन उर्फ श्रवण पुत्र रामबालक के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने पुलिस को बताया कि बरामद गांजा उन्होंने तिंदवारी क्षेत्र के तेरही माफी निवासी आशीष से खरीदा था और उसे अधिक कीमत पर बेचने के लिए ले जा रहे थे। पुलिस ने बरामद गांजा कब्जे में लेकर दोनों आरोपियों के विरुद्ध थाना तिंदवारी में धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय भेज दिया है। वहीं फरार आरोपी आशीष की तलाश जारी है। गिरफ्तार करने वाली टीम में उपनिरीक्षक गजेन्द्र सिंह,कांस्टेबल सुमंत सिंह,अमन मिश्रा, सत्यम उपाध्याय, महिला कांस्टेबल दीक्षा राजपूत एवं प्रीति साहू शामिल रही।


No comments:
Post a Comment