दिन-रात फर्राटा भर रहे ओवरलोड मौरंग लदे वाहन - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Friday, July 24, 2026

दिन-रात फर्राटा भर रहे ओवरलोड मौरंग लदे वाहन

सड़कों की उड़ रही धज्जियां, जिम्मेदार मौन

विजयीपुर, फतेहपुर, मो शमशाद । किशनपुर थाना क्षेत्र में ओवरलोड मौरंग लदे वाहनों का संचालन लगातार जारी है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि थाना परिसर से चंद कदम की दूरी से ही सैकड़ों ट्रक और डंपर दिन-रात फर्राटा भरते हुए गुजर रहे हैं, जिससे सड़कों को भारी नुकसान पहुंच रहा है और दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है। बताया जाता है कि इन वाहनों में बड़ी संख्या ऐसे ट्रकों की है जो कथित रूप से निर्धारित प्रपत्रों के बिना उपखनिज का परिवहन कर रहे हैं। कई वाहनों पर हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट नहीं लगी है, जबकि कुछ में आगे या पीछे नंबर प्लेट ही नहीं दिखाई देती। कुछ वाहनों की नंबर प्लेट पर कालिख या अन्य सामग्री लगाकर नंबर छिपाने

फर्राटा भरता ओवरलोड वाहन।

के आरोप भी लगाए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, शाम ढलते ही किशनपुर के वैकल्पिक मार्ग और यमुना सेतु के रास्ते बांदा जनपद से आने वाले ओवरलोड मौरंग लदे वाहनों की आवाजाही और तेज हो जाती है। आरोप है कि इनमें से कई वाहन निर्धारित मानकों की अनदेखी करते हुए लगातार परिवहन कर रहे हैं, लेकिन संबंधित विभागों की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है। इस संबंध में उपजिलाधिकारी खागा अश्वनी कुमार पांडेय ने बताया कि मामले की शिकायत प्राप्त हुई है। शिकायत की जांच कराई जाएगी और यदि अनियमितता पाई जाती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। वहीं आरटीओ (प्रवर्तन) प्रतीक मिश्रा ने कहा कि ओवरलोड वाहनों के विरुद्ध निरंतर अभियान चलाया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। 


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages