खंड शिक्षा अधिकारी जसपुरा को हटाए जाने की मांग
बांदा, के एस दुबे । उत्तर प्रदेशीय जूनियर हाईस्कूल (पूर्व माध्यमिक) शिक्षक संघ, शाखा-बांदा ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) को ज्ञापन सौंपकर जनपद के शिक्षक-शिक्षिकाओं की विभिन्न समस्याओं एवं लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण कराने की मांग की है। संघ द्वारा दिए गए ज्ञापन में कहा गया है कि प्रधान के हस्ताक्षर संबंधी समस्या के कारण विद्यालयों में मध्याह्न भोजन (एमडीएम) का भुगतान बाधित हो रहा है, जिससे योजना का संचालन प्रभावित हो रहा है। संगठन ने संबंधित बैंकों से समन्वय स्थापित कर इस समस्या का तत्काल समाधान कराने की मांग की है।
ज्ञापन में कई वर्षों से लंबित प्रोन्नत वेतनमान के प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण कर पात्र शिक्षक-शिक्षिकाओं को लाभ दिलाने की मांग भी उठाई गई है। इसके अलावा वर्षा ऋतु में जलभराव और खराब मार्ग जैसी परिस्थितियों को देखते हुए विद्यालय पहुंचने में 10 से 15 मिनट की देरी होने पर मानवीय दृष्टिकोण अपनाने तथा केवल मामूली विलंब के आधार पर दंडात्मक कार्रवाई न करने की मांग की गई है।
शिक्षक संघ के अध्यक्ष शैलेंद्र कुमार मिश्रा महामंत्री राजवीर सिंह ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि जसपुरा विकास खंड के खंड शिक्षा अधिकारी द्वारा निरीक्षण के नाम पर देर से आने वाले शिक्षक-शिक्षिकाओं से एक हजार से तीन हजार रुपये तक की अवैध वसूली किए जाने की शिकायतें मिल रही हैं। संगठन ने इस पर तत्काल रोक लगाने और निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। साथ ही कहा कि आवश्यकता पड़ने पर शिक्षक साक्ष्य एवं न्यायिक हलफनामे भी प्रस्तुत करेंगे। ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया कि कम्पोजिट ग्रांट में लगभग 10 प्रतिशत हिस्सेदारी मांगे जाने की शिकायतें प्राप्त हुई हैं। संगठन ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की है। इसके अतिरिक्त शिक्षक संघ ने मांग की है कि प्रत्येक सप्ताह एक दिन सभी खंड शिक्षा अधिकारी अपने कार्यालय में बैठकर शिक्षक-शिक्षिकाओं की समस्याओं की सुनवाई करें और उनका त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करें। शिक्षक संघ ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी से सभी समस्याओं के शीघ्र एवं निष्पक्ष समाधान की अपेक्षा जताई है।


No comments:
Post a Comment