अधीक्षण अभियंता को सौंपा ज्ञापन, विद्युतीकरण की गुहार
फतेहपुर, मो शमशाद । लखनऊ मार्ग स्थित नगर पालिका क्षेत्र की नई बस्ती उधन्नापुर (सुखदेव नगर) में जल्द से जल्द विद्युतीकरण कराए जाने की मांग को लेकर उद्योग व्यापार मंडल उत्तर प्रदेश ने अधीक्षण अभियंता विद्युत वितरण खंड को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बस्ती में विद्युत आपूर्ति शुरू कराने की मांग करते हुए स्थानीय लोगों की समस्याओं से अवगत कराया गया। ज्ञापन में बताया गया कि उधननापुर (सुखदेव नगर) में वर्षों से बड़ी संख्या में परिवार निवास कर रहे हैं और सैकड़ों मकान बन चुके हैं। क्षेत्र में विद्युत पोल भी लगाए जा चुके हैं, लेकिन अब
![]() |
| अधीक्षण अभियंता को ज्ञापन सौंपते व्यापार मंडल के पदाधिकारी। |
तक बिजली आपूर्ति शुरू नहीं हो सकी है। इसके चलते स्थानीय लोग पेयजल आपूर्ति समेत कई मूलभूत सुविधाओं से वंचित हैं। व्यापार मंडल ने कहा कि बिजली न होने से विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। भीषण गर्मी में लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है, जबकि छोटे व्यापार और घरेलू कार्य भी बुरी तरह प्रभावित हो रहे हैं। संगठन का कहना है कि यदि क्षेत्र का शीघ्र विद्युतीकरण किया जाता है तो एक ओर स्थानीय निवासियों को आवश्यक सुविधा मिलेगी, वहीं विद्युत विभाग को भी नए उपभोक्ताओं से राजस्व प्राप्त होगा। उद्योग व्यापार मंडल उत्तर प्रदेश के संस्थापक अध्यक्ष किशन मेहरोत्रा ने विद्युत विभाग से मांग किया कि उधन्नापुर (सुखदेव नगर) में अविलंब विद्युत प्रवाह शुरू कराया जाए। इस दौरान स्थानीय निवासी मनोज कुमार गुप्ता, नीरज तिवारी, प्रमोद तिवारी और रिंकू सिंह सहित अन्य लोगों ने भी मांग का समर्थन किया।


No comments:
Post a Comment