जरूरतमंद परिवार की बेटी की कराई शादी
बांदा, के एस दुबे । नर सेवा ही नारायण सेवा है और बेटियां सबकी सांझी होती हैं।इन पंक्तियों को चरितार्थ करते हुए महिला वैश्य समाज, बांदा की महिलाओं ने एक बार फिर मानवता और सामाजिक सरोकार की एक अनूठी मिसाल पेश की है। संगठन ने एक अत्यंत जरूरतमंद परिवार की बेटी की शादी में न केवल बढ़-चढ़कर सहयोग किया, बल्कि समाज के सामने एक अनुकरणीय उदाहरण भी प्रस्तुत किया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, गत 26 जून 2026 को आर्थिक रूप से कमजोर परिवार की सुपुत्री पूजा साहू पुत्री माता कौशल्या देवी एवं नीरज साहू का विवाह पूरे विधि-विधान और धूमधाम के साथ संपन्न हुआ। परिवार की कमजोर आर्थिक स्थिति को देखते हुए महिला
वैश्य समाज की पदाधिकारी और सदस्य आगे आईं। उन्होंने इस पुनीत कार्य में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाते हुए विवाह का सारा खर्च और आवश्यक सामग्रियां जुटाने में भरपूर सहयोग प्रदान किया। महिला वैश्य समाज द्वारा कराया गया यह पांचवां कन्या विवाह है। संगठन का उद्देश्य केवल बैठकें करना नहीं, बल्कि धरातल पर उतरकर समाज के शोषित, वंचित और जरूरतमंद तबके की मदद करना है।
महिला वैश्य समाज की जागरूक महिलाओं का यह संगठन केवल जनपद बांदा तक ही सीमित नहीं है, बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश में सामाजिक और जनकल्याणकारी कार्यों के लिए निरंतर कार्यरत है। संगठन की महिलाओं का कहना है कि वे भविष्य में भी इसी तरह गरीब और असहाय परिवारों की बेटियों की शादी में मदद का सिलसिला जारी रखेंगी, ताकि किसी भी मजबूर पिता या मां को अपनी बेटी की शादी के लिए परेशान न होना पड़े। इस सराहनीय और पुनीत कार्य के लिए स्थानीय नागरिकों और प्रबुद्ध वर्ग ने महिला वैश्य समाज की भूरि-भूरि प्रशंसा की है और उनके इस जज्बे को सलाम किया है।रानी दामले, अंजू, नीलिमा पुरवार, जया पुरवार, नीता ओमर, नंदिनी गुप्ता, सुनीता गुप्ता, सरिता सोनी, गीता सोनी, गीता अग्रवाल, ज्योति पुरवार, दीपाली ओमर, ममता नगरिया, अंकिता चंदेरिया, संध्या अग्रवाल, नम्रता गोयल, शोभा गुप्ता, राजकुमारी गुप्ता, किरन गुप्ता, अलका रावत, नम्रता गुप्ता, अपूर्वा सोनी, रजनी गुप्ता, रीता गुप्ता, प्रतिष्ठा अग्रवाल, मंजू रूसिया एवं मंजरी ओमर। महिला वैश्य समाज की इस पहल की क्षेत्र में सराहना हो रही है। समाज की महिलाओं ने कहा कि वे आगे भी ऐसे सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर ऐसे ही हिस्सा लेंगी और जरूरतमंद परिवारों की मदद करती रहेंगी।


No comments:
Post a Comment