ईद-मिलादुन्नबी की तैयारियों को दिया गया अंतिम रूप - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Sunday, July 26, 2026

ईद-मिलादुन्नबी की तैयारियों को दिया गया अंतिम रूप

मर्दननाका शहर कमेटी ने बनाई भव्य जुलूस की रणनीति

बांदा, के एस दुबे । मुस्लिम समुदाय के प्रमुख धार्मिक पर्व ईद-मिलादुन्नबी की तैयारियों को लेकर बांदा के मर्दननाका शहर कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता हाजी गुफरान तथा संरक्षक अबरार सिद्दीकी ने की, जिसमें आगामी 12 रबीउल अव्वल (25 या 26 अगस्त) को निकलने वाले जुलूस-ए-मोहम्मदी एवं अन्य कार्यक्रमों की रूपरेखा को अंतिम रूप दिया गया। बैठक में निर्णय लिया गया कि 12 रबीउल अव्वल से एक दिन पूर्व जश्ने चिरागा एवं पूरे क्षेत्र को आकर्षक रोशनी और सजावट से सजाया जाएगा। वहीं जुलूस को शांतिपूर्ण, अनुशासित एवं भव्य ढंग से संपन्न कराने के लिए विस्तृत रणनीति तैयार की गई।


कमेटी पदाधिकारियों ने शासन-प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन करने का आह्वान किया। साथ ही ध्वनि प्रदूषण से बचने के लिए तेज आवाज वाले डीजे का सीमित उपयोग करने और सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने की अपील की गई। संरक्षक अबरार सिद्दीकी और अध्यक्ष हाजी गुफरान ने बताया कि इस वर्ष भी ईद-मिलादुन्नबी का पर्व पूरी अकीदत, सादगी और भाईचारे के साथ मनाया जाएगा। जुलूस-ए-मोहम्मदी के साथ क्षेत्र को दुल्हन की तरह सजाया जाएगा तथा पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब की सीरत और शिक्षाओं से लोगों को अवगत कराने के लिए विशेष तकरीर का आयोजन भी किया जाएगा। बैठक में अलीम अहमद, जुल्फिकार सिद्दीकी, डॉ. एमडी शरीफ, शीबू खान, शाहरुख खान, अब्दुल मुत्तलिब, सलमान खान, इदरीश रजा, शानू खान, रियाज खान सहित बड़ी संख्या में कमेटी के सदस्य उपस्थित रहे।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages