चित्रकूट, सुखेन्द्र अग्रहरि : मंदाकिनी नदी में आई भीषण बाढ़ से प्रभावित परिवारों की मदद के लिए समाज के विभिन्न वर्गों के लोग लगातार आगे आ रहे हैं। व्यापारियों और समाजसेवियों ने जिला प्रशासन को सहायता राशि देकर आपदा की इस घड़ी में मानवीय संवेदना और सामाजिक सहभागिता का परिचय दिया। अब तक तीन पक्षों की ओर से कुल 2,62,100 की सहायता राशि प्रशासन को उपलब्ध कराई गई है। ग्राम पंचायत पहाड़ी निवासी प्रशांत पांडेय पुत्र मोतीलाल पांडेय ने बाढ़ पीड़ितों की सहायता के लिए 1.11 लाख रुपये का चेक जिलाधिकारी पुलकित गर्ग एवं पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह को सौंपा। उन्होंने कहा कि आपदा की इस घड़ी में जरूरतमंद
परिवारों के साथ खड़ा होना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अन्य लोगों से भी राहत कार्य में सहयोग करने की अपील की। इसी क्रम में जिला मुख्यालय स्थित चन्द्रकांता चन्द्रलोक माॅल के संचालक युवा व्यापारी विवेक उर्फ विक्की आशवानी ने बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए 1 लाख रुपये का चेक जिलाधिकारी को प्रदान किया। उन्होंने अन्य व्यापारियों से भी आगे आकर प्रभावित परिवारों की सहायता करने का आह्वान किया। जिलाधिकारी ने बताया कि इस राशि का उपयोग बाढ़ प्रभावित लोगों को राहत किट उपलब्ध कराने में किया
जाएगा। इस दौरान पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह और अपर जिलाधिकारी स्वप्निल यादव मौजूद रहे। इसके अलावा नवीन गल्ला मंडी समिति के व्यापारियों ने भी राहत कार्य में सहयोग करते हुए 51,100 रुपये की सहायता राशि प्रदान की। मंडी सचिव विनय सिंह के नेतृत्व में आनंद अग्रवाल, लक्ष्मी प्रसाद, बद्री केसरवानी, सूर्यप्रकाश, श्यामलाल, रज्जु साहू एवं दीपू सिंह ने यह राशि उपलब्ध कराई। जिला प्रशासन ने सभी सहयोगकर्ताओं का आभार जताते हुए कहा कि यह प्रयास बाढ़ प्रभावित परिवारों तक राहत पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।



No comments:
Post a Comment