चित्रकूट, सुखेन्द्र अग्रहरि : मंदाकिनी नदी की भीषण बाढ़ से प्रभावित चित्रकूट अंचल में जलस्तर कम होने के बावजूद लोगों की मुश्किलें कम नहीं हुई हैं। कई परिवारों के सामने भोजन, पेयजल, दवाइयों और जरूरी सामान की समस्या बनी हुई है। ऐसे में श्री सद्गुरु सेवा संघ ट्रस्ट की ओर से राहत एवं सेवा अभियान लगातार जारी है। परमहंस संत श्री रणछोड़दास जी महाराज की प्रेरणा से संचालित ट्रस्ट की टीमें तीसरे दिन भी बाढ़ प्रभावित इलाकों में पहुंचीं और जरूरतमंदों को सात्विक भोजन, शुद्ध पेयजल तथा आवश्यक दवाइयां उपलब्ध कराईं।
ट्रस्ट के अनुसार तीन दिनों में 4000 से अधिक बाढ़ प्रभावित लोगों तक सहायता पहुंचाई जा चुकी है। राहत टीमें मुख्य मार्गों के साथ अंदरूनी और अधिक प्रभावित क्षेत्रों में भी पहुंचकर जरूरतमंद परिवारों की स्थिति का जायजा ले रही हैं। जिन घरों में बाढ़ के कारण भोजन नहीं बन पा रहा है, वहां तैयार भोजन पहुंचाया जा रहा है। बाढ़ से प्रभावित धार्मिक स्थलों और आश्रमों को भी राहत अभियान में शामिल किया गया है। श्री रघुबीर मंदिर ट्रस्ट, बड़ी गुफा की ओर से 300 से अधिक मठ-मंदिरों एवं संतों तक राशन किट, कंबल और औषधियां पहुंचाई गई हैं। प्रबंध ट्रस्टी एवं निदेशक डॉ. ईलेश जैन और शिक्षा समिति की अध्यक्ष श्रीमती उषा जैन ने कहा कि जरूरतमंद परिवार भोजन, दवा, राशन, वस्त्र या पेयजल जैसी सहायता के लिए ट्रस्ट से संपर्क कर सकते हैं। राहत अभियान आवश्यकता के अनुसार आगे भी जारी रहेगा।


No comments:
Post a Comment