महिला ने पुलिस से लगाई बरामदगी की गुहार
बांदा, के एस दुबे । पैलानी थाना क्षेत्र के खपटिहा कला छनिहन डेरा निवासी एक महिला ने अपने पति को अज्ञात लोगों द्वारा बंधक बनाकर मारपीट करने और 70 हजार रुपये की फिरौती मांगने का आरोप लगाया है। महिला ने मामले की शिकायत पुलिस के उच्चाधिकारियों से करते हुए पति की सकुशल बरामदगी की गुहार लगाई है। शिकायत के मुताबिक, सुषमा महिला के पति छोटेलाल निषाद गुजरात के सूरत जिले में जो जोलवा पटिया थाना पारसाना कड़ोदरा जिला सूरत गुजरात में कंपनी में काम करते हैं। आरोप है कि 19 अगस्त 2026 से अज्ञात लोगों द्वारा महिला के मोबाइल पर लगातार फोन किया जा रहा है। फोन करने वाले कथित तौर पर उसके पति को अपने
कब्जे में होने की बात कहते हुए 70 हजार रुपये की मांग कर रहे हैं और रुपये नहीं भेजने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दे रहे हैं। महिला का आरोप है कि आरोपियों ने उसके पति की एक फोटो भी मोबाइल पर भेजी, जिसमें उन्हें कथित तौर पर लोहे के खंभे से बांधकर बुरी तरह पीटा जा रहा है। शिकायतकर्ता के अनुसार, अब पति का मोबाइल फोन भी नहीं उठ रहा है, जिससे उसे अनहोनी की आशंका सता रही है। पीड़िता सुषमा ने बताया कि वह गरीब और अशिक्षित महिला है तथा उसके तीन छोटे-छोटे बच्चे हैं। पति के लापता होने से परिवार बेहद परेशान है। महिला ने पुलिस से शिकायत में संबंधित मोबाइल नंबरों को सर्विलांस पर लगाकर आरोपियों की तलाश करने तथा उसके पति छोटेलाल निषाद को सकुशल बरामद कराने की मांग की है। पुलिस द्वारा मामले की जांच के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।


No comments:
Post a Comment