चित्रकूट, सुखेन्द्र अग्रहरि : जिला मुख्यालय स्थित नव निर्मित उपनिबंधक कार्यालय में सोमवार से लेखपत्रों के पंजीकरण कार्य का शुभारंभ जिलाधिकारी पुलकित गर्ग ने किया। इस नव निर्मित उपनिबंधक कार्यालय भवन का लोकार्पण मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बीती आठ जुलाई को जनपद भ्रमण के दौरान किया था। नव-निर्मित उपनिबंधक कार्यालय में पंजीकरण कार्य के शुभारंभ के दौरान डीएम ने प्रथम पारिवारिक दानपत्र के पंजीकरण की प्रक्रिया का अवलोकन किया। रैपुरा निवासी पुष्पेंद्र चंद्र बंसी ने अपनी पत्नी सविता देवी के पक्ष में पारिवारिक दानपत्र का पंजीकरण कराया। इसके बाद जिलाधिकारी ने कार्यालय के रिकॉर्ड रूम का निरीक्षण कर अभिलेखों के रख-
रखाव और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को दस्तावेजों के व्यवस्थित संधारण, सुरक्षित रख-रखाव और कार्यालय की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। बताया कि नए कार्यालय में पंजीकरण कार्य शुरू होने से क्षेत्रीय नागरिकों को लेखपत्रों के पंजीकरण से संबंधित सेवाएं बेहतर सुविधाओं के साथ आसानी से उपलब्ध हो सकेंगी। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष एवं प्रशासक अशोक जाटव, जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष पंकज अग्रवाल, एआईजी प्रवीण सचान, उपनिबंधक राजेश सिंह सहित सम्बन्धित अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।


No comments:
Post a Comment