चित्रकूट, सुखेन्द्र अग्रहरि : शासन की मंशानुरूप जनसमस्याओं के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए जिले की सभी तहसीलों में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। राजापुर तहसील सभागार में आयोजित समाधान दिवस में जिलाधिकारी पुलकित गर्ग व पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने समस्याएं सुनीं। डीएम ने फरियादियों की समस्याएं गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को निस्तारण के निर्देश दिए। कहा कि प्रत्येक प्रार्थना पत्र का निर्धारित समय-सीमा में पारदर्शिता और गुणवत्ता के साथ निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। फरियादी को समस्या समाधान के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। चेतावनी दी कि शिकायतों के निस्तारण
में अनावश्यक देरी या लापरवाही करने वाले अधीनस्थ अधिकारियों व कर्मचारियों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। राजस्व विभाग को निर्देश दिए कि आमजन को परेशान करने वाले अथवा कार्य में लापरवाही बरतने वाले लेखपालों को तत्काल संबद्ध कर विभागीय कार्रवाई की जाए। पुलिस अधीक्षक ने थाना प्रभारियों को कानून-व्यवस्था मजबूत रखने के निर्देश दिए। उन्होंने महिला उत्पीड़न और सुरक्षा से जुड़े मामलों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। इस मौके पर एसडीएम राजापुर पूजा गुप्ता समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
इसी क्रम में मऊ तहसील सभागार में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व चंद्रशेखर और अपर पुलिस अधीक्षक पीयूषकांत राय की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। जिसमें एडीएम ने शिकायतों के निस्तारण रजिस्टर का परीक्षण करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन समस्याओं का समाधान किया जाए, उसकी जानकारी संबंधित फरियादी को भी अनिवार्य रूप से दी जाए। एएसपी ने अधिकारियों को शासन की निर्धारित समय-सीमा के भीतर शिकायतों का त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस मौके पर इस क्षेत्राधिकारी मऊ फहद अली आदि मौजूद रहे। इसके अलावा सदर तहसील व मानिकपुर तहसील में भी समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जिसमें अधिकारियों ने फरियादियों की समस्याओं को सुनकर सम्बन्धितों को निस्तारण के लिए निर्देशित किया।


No comments:
Post a Comment