बोरवेल में जहरीली गैस का कहर - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Saturday, August 22, 2026

बोरवेल में जहरीली गैस का कहर

मरम्मत करने उतरे दो मजदूरों की दर्दनाक मौत, गांव में मातम

बांदा, के एस दुबे । बिसंडा थाना क्षेत्र के अजीतपारा गांव में एक भीषण हादसा हो गया। खेत में बने बोरवेल की मरम्मत करने उतरे दो मजदूरों की जहरीली गैस की चपेट में आने से दम घुटने से मौत हो गई। इस दुखद घटना के बाद से क्षेत्र में हड़कंप मच गया और परिजनों में कोहराम मच गया है। जानकारी के मुताबिक, अजीतपारा गांव निवासी लालू पुत्र गया प्रसाद 45 वर्ष और कृष्ण कुमार पुत्र शिवनारायण लगभग 45 वर्ष गांव के ही एक खेत में स्थित बोरवेल की मरम्मत का कार्य कर रहे थे। काम के दौरान जैसे ही वे बोरवेल के अंदर उतरे, वहां मौजूद जहरीली गैस


के असर से दोनों अचानक मूर्छित होकर गहरे गड्ढे में गिर गए। हादसे की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी बबेरू और बिलगांव चौकी प्रभारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए ग्रामीणों और पुलिस की संयुक्त टीम ने ऑक्सीजन सिलेंडर की मदद से दोनों को काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला।

बोरवेल से बाहर निकालने के तुरंत बाद दोनों को आनन-फानन में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया। हालांकि, डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज स्थित मर्चरी हाउस भेज दिया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। एक साथ दो ग्रामीणों की मौत से पूरे अजीतपारा गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages