जनसुनवाई में सुनीं जनसमस्याएं, समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के दिए निर्देश - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Saturday, August 22, 2026

जनसुनवाई में सुनीं जनसमस्याएं, समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के दिए निर्देश

बांदा, के एस दुबे । जनसामान्य की समस्याओं के त्वरित और प्रभावी निस्तारण को लेकर बांदा पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। शनिवार को पुलिस कार्यालय बांदा में आयोजित जनसुनवाई के दौरान नवागत पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल ने खुद मोर्चा संभालते हुए दूर-दराज के ग्रामीण व शहरी इलाकों से पहुंचे फरियादियों की शिकायतें और समस्याएं सुनीं। जनसुनवाई के दौरान पुलिस अधीक्षक ने भूमि विवाद, आपसी मनमुटाव, मारपीट और पुलिस कार्रवाई से जुड़ी विभिन्न शिकायतों को बेहद गंभीरता और आत्मीयता से सुना। उन्होंने फरियादियों से


सीधे संवाद स्थापित कर घटना की पूरी जानकारी ली और संबंधित थाना प्रभारियों एवं क्षेत्राधिकारियों को दूरभाष के माध्यम से त्वरित कार्रवाई के कड़े निर्देश दिए।

एसपी पलाश बंसल ने मातहतों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि जनसुनवाई में आने वाली प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण शासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। किसी भी पीड़ित को अनावश्यक रूप से थानों के चक्कर न काटने पड़ें। फर्जी व भ्रामक शिकायतों की जांच कर निष्पक्ष कार्रवाई की जाए। थानों पर आने वाले फरियादियों के साथ शालीन व्यवहार किया जाए और उनकी बात को संवेदनशीलता से सुना जाए। पुलिस अधीक्षक के इस सख्त और संवेदनशील रवैये से जनसुनवाई में आए फरियादियों में त्वरित न्याय की उम्मीद जगी है। प्रशासन के इस कड़े रुख से स्पष्ट है कि जनसमस्याओं के निस्तारण में ढिलाई बरतने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages