समाधान दिवस में मंडलायुक्त ने अफसरों की तय की जवाबदेही - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Saturday, August 22, 2026

समाधान दिवस में मंडलायुक्त ने अफसरों की तय की जवाबदेही

भूमि विवादों में राजस्व और पुलिस टीम करेगी संयुक्त कार्रवाई

बांदा, के एस दुबे । जनसमस्याओं के समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण को लेकर प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। शनिवार को बांदा तहसील सदर के अंतर्गत तिंदवारी थाने में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में पहुंचे चित्रकूटधाम मंडल के आयुक्त अजीत कुमार और डीआईजी राजेश एस ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। मंडलायुक्त ने कड़े शब्दों में निर्देश दिए कि शिकायतों को बेवजह लंबित न रखा जाए और हर हाल में पीड़ित को वास्तविक राहत दिलाई जाए। तिंदवारी थाने में समाधान दिवस के दौरान कुल दो जनशिकायतें दर्ज कराई गईं।


आयुक्त एवं पुलिस उपमहानिरीक्षक ने दोनों मामलों को गंभीरता से सुनते हुए मौके पर ही उनका निस्तारण कराया। इस अवसर पर सिटी मजिस्ट्रेट और सीओ सदर सौरभ सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। 

मंडलायुक्त अजीत कुमार ने स्पष्ट किया कि केवल कागजी कार्रवाई से काम नहीं चलेगा। अधिकारी मौके पर जाकर शिकायतों का स्थलीय सत्यापन करें और निष्पक्षता से निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने विशेष रूप से निर्देश दिए कि राजस्व और पुलिस विभाग से जुड़े भूमि विवाद, अवैध कब्जे, पैमाइश और सीमांकन के मामलों में दोनों विभाग आपस में समन्वय स्थापित कर संयुक्त कार्रवाई करें। शिकायतों के निस्तारण की नियमित रूप से समीक्षा की जाए ताकि कोई भी मामला बेवजह अटका न रहे। शिकायतकर्ता को केवल औपचारिक जवाब देने के बजाय उसे धरातल पर स्थायी और वास्तविक समाधान मिलना चाहिए।

जिले के अन्य थानों में भी अधिकारियों ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। सहायक एसपी मेविस टाक ने समाधान दिवस की अध्यक्षता करते हुए कुल 3 शिकायतें सुनीं। सभी शिकायतें राजस्व विभाग से संबंधित थीं, जिनके त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए गए। एसडीएम नरैनी अंजली यादव और सीओ प्रवीण कुमार ने शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को सुना और कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण कराया। प्रशासन के इस कड़े रुख से स्पष्ट है कि जनसमस्याओं के निस्तारण में ढिलाई बरतने वाले अधिकारियों पर गाज गिर सकती है।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages