एफआईआर दर्ज फिर भी नहीं हुई गिरफ्तारी
फतेहपुर, मो शमशाद । ज्वैलर्स व उसके साथियों पर करीब पचास ग्रामीणों से आभूषण बनवाने के नाम पर चार से पांच करोड़ रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप लगाते हुए पीड़ितों ने जिलाधिकारी से कार्रवाई की गुहार लगाई है। पीड़ितों का आरोप है कि मामले में एफआईआर दर्ज होने के बावजूद पुलिस की ओर से अब तक संतोषजनक कार्रवाई नहीं की गई। यहां तक कि पीड़ितों के बयान भी दर्ज नहीं किए गए और आरोपितों की गिरफ्तारी भी नहीं हुई।
![]() |
| डीएम को ज्ञापन देने जाते पीड़ित। |
मंगलवार को बिसौली क्षेत्र के ग्रामीण कलेक्ट्रेट पहुंचे और जिलाधिकारी को शिकायती पत्र सौंपकर पूरे मामले में प्रभावी कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों ने बताया कि बिसौली क्षेत्र में किराए के मकान में ज्वैलर्स की दुकान संचालित करने वाले दशरथ और उसके अन्य साथियों ने क्षेत्र के करीब 50 लोगों को आभूषण बनवाने का झांसा दिया। आरोप है कि आरोपित लोगों से रकम जमा कराकर बाद में आभूषण देने का भरोसा दिलाता रहा। इसी तरह बड़ी संख्या में ग्रामीणों से करीब चार से पांच करोड़ रुपये जमा करा लिए गए। पीड़ितों का आरोप है कि ज्वेलर्स ने अपनी दुकान किसी अन्य स्थान पर होने की बात बताकर लोगों का विश्वास हासिल किया और इसके बाद आभूषण बनवाने के नाम पर रकम लेता रहा। ग्रामीणों ने इस कथित धोखाधड़ी में दशरथ के साथ गंगाराम, रवींद्र रस्तोगी और शहर के पटेल नगर स्थित मुन्ना मोबाइल शॉप के संचालक की भी भूमिका होने का आरोप लगाया है। ग्रामीणों के मुताबिक जब उन्हें अपने साथ हुई कथित धोखाधड़ी की जानकारी हुई तो उन्होंने पुलिस से शिकायत कर एफआईआर दर्ज कराई। इसके बावजूद आरोप है कि मामले में अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। पीड़ितों ने कहा कि घटना से प्रभावित लोगों के बयान तक दर्ज नहीं किए गए हैं, जबकि आरोपित खुलेआम घूम रहे हैं। इससे पीड़ितों में पुलिस की कार्रवाई को लेकर नाराजगी है। पीड़ितों ने जिलाधिकारी से मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित पुलिस अधिकारियों को प्रभावी कार्रवाई के निर्देश देने, सभी पीड़ितों के बयान दर्ज कराने, आरोपितों की गिरफ्तारी कराने तथा पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। साथ ही पीड़ितों की रकम वापस दिलाकर उन्हें न्याय दिलाने की भी गुहार लगाई। इस मौके पर राहुल पटेल, कामता, ओम प्रकाश, रामबाबू, छोटेलाल, मिथलेश कुमार, विमला देवी, फूलमती देवी, सुनीता, कुंवारे, गुड़िया, रामलाल, चंदन, सोनी देवी, रोहित, श्यामलाल, ऊषा देवी, अखिलेश आदि मौजूद रहे।


No comments:
Post a Comment