चित्रकूट, सुखेन्द्र अग्रहरि : जगद्गुरु रामभद्राचार्य दिव्यांग राज्य विश्वविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना के तत्वावधान में ‘खेलो इंडिया संवाद’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संबोधन का लाइव प्रसारण किया गया। जनप्रतिनिधियों सहित विश्वविद्यालय के अधिकारी, शिक्षक और विद्यार्थियों ने प्रधानमंत्री का संबोधन सुना। प्रधानमंत्री ने युवाओं से खेलों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान करते हुए कहा कि खेल केवल स्वास्थ्य और मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण साधन हैं। उन्होंने भारतीय खिलाड़ियों की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए युवाओं को खेलों के माध्यम से देश का गौरव बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में ‘जो खेलेगा, वह खिलेगा’ का संदेश
भी दिया गया। पूर्व मंत्री चंद्रिका प्रसाद उपाध्याय ने कहा कि युवा शक्ति देश की सबसे बड़ी ताकत है। अनुशासन, परिश्रम और सकारात्मक सोच के साथ युवा व्यक्तिगत सफलता के साथ राष्ट्र को भी नई ऊंचाइयों तक पहुंचा सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा के साथ खेलों को जीवन का हिस्सा बनाने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया। इस दौरान प्रथम कार्यक्रम अधिकारी डॉ. गोपाल मिश्रा और चित्रकूट यूथ आइकॉन सपना देवी को मूवमेंट एवं बैज लगाकर सम्मानित किया गया। साथ ही उनके योगदान की सराहना करते हुए युवाओं को सामाजिक एवं राष्ट्रहित के कार्यों में सक्रिय सहभागिता के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को खेलों के प्रति जागरूक करना, उनमें खेल भावना एवं अनुशासन का विकास करना तथा खेलों के माध्यम से राष्ट्र के गौरव को बढ़ाने के लिए प्रेरित करना रहा। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। इस अवसर पर स्पोर्ट्स ऑफिसर अमृतांशु मिश्रा, एनएसएस कार्यक्रम समन्वयक डॉ. आनंद कुमार, एनएसएस के एसपी मिश्रा, डॉ. संजय नायक, डॉ. दलीप कुमार, डॉ. शांत चतुर्वेदी, डॉ. अरविंद कुमार, भविष्या माथुर, ओम प्रकाश, जितेंद्र प्रताप सिंह, डाॅ निहार रंजन मिश्रा, डाॅ प्रमिला मिश्रा, डाॅ दुर्गेश कुमार मिश्रा, डाॅ बजरंगी सिंह, डाॅ श्रुति मिश्रा, डाॅ अल्पना सेंगर, डाॅ जसमीत कौर, डाॅ मूलचंद, विजय कुमार तिवारी, सौरभ आदि मौजूद रहे।


No comments:
Post a Comment