बबेरू/बाँदा, के एस दुबे । मवेशियों को चारा डाल रहे 52 वर्षीय किसान को एक जहरीले सर्प ने काट लिया। समय पर इलाज न मिलने और एंबुलेंस की लापरवाही के चलते किसान ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। इस अचानक हुई घटना से मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है. समसुद्दीनपुर गांव निवासी होरीलाल यादव पुत्र किशोर यादव, उम्र 52 वर्ष मंगलवार सुबह अपने खेत पर बने घर पर मवेशियों को चारा डाल रहे थे। इसी दौरान अचानक एक जहरीले सर्प ने उनके हाथ में डंस लिया। सर्प का जहर शरीर में तेजी से फैलने के कारण उनकी हालत गंभीर होने लगी। परिजनों ने घबराकर तुरंत उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHCs) बबेरू पहुंचाया। वहां मौजूद डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद होरीलाल की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
परिजनों का आरोप है कि एंबुलेंस के लिए कई बार फोन किए जाने के बावजूद एंबुलेंस संचालकों की भारी लापरवाही के कारण 1 घंटे तक एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंची। मजबूरन मे परिजनों ने एक निजी वाहन का इंतजाम किया, और उन्हें लेकर जिला अस्पताल के लिए निकले, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में ही किसान की मौत हो गई। झाड़-फूंक के चक्कर में गंवाया समय परिजनों द्वारा कुछ लोगों के कहने पर उन्हें रास्ते में दो से तीन जगहों पर झाड़-फूंक करवाने के लिए भी ले जाया गया, जिससे कीमती समय बर्बाद हुआ। हालांकि, डॉक्टरों के मुताबिक मरीज की मौत पहले ही हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही मरका थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, मृतक होरीलाल यादव अपने पीछे भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। जानकारी के मुताबिक, उनके तीन पुत्र और दो पुत्रियां हैं, जिनमें से एक पुत्री का विवाह हो चुका है। इस आकस्मिक मौत से मृतक की पत्नी सावित्री देवी सहित सभी परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गाँव के प्रधान जितेंद्र सिंह पटेल उर्फ अनुज ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि जैसे ही उन्हें सूचना मिली, वे तुरंत मौके पर पहुंचे। होरीलाल को सर्प ने काटा था, जिन्हें सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर किया गया था, लेकिन रास्ते में उनकी मौत हो गई। तहसील प्रशासन को घटना की जानकारी दे दी गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, और शासन-प्रशासन के माध्यम से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिलाने का पूरा प्रयास किया जाएगा।


No comments:
Post a Comment