जहरीला खाना खाने से दो छात्रों की मौत के बाद आक्रोश - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Friday, August 21, 2026

जहरीला खाना खाने से दो छात्रों की मौत के बाद आक्रोश

मानकविहीन स्कूल प्रबंधन पर परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप, बीएसए से शिकायत

बांदा, के एस दुबे । जिले के बी०एल० विद्या मन्दिर आवासीय विद्यालय (झील का पुरवा) में संदिग्ध जहरीला भोजन खाने से पढ़ाई कर रहे दो छात्रों की दर्दनाक मौत का मामला सामने आया है। घटना से व्यथित परिजनों ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी बांदा को प्रार्थना पत्र देकर विद्यालय प्रबंधन पर घोर लापरवाही, क्रूरता और अवैध रूप से स्कूल चलाने का आरोप लगाते हुए कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। ग्राम सरस्वाह (थाना गिरवां) निवासी सुनील कुमार का 12 वर्षीय पुत्र नितिन तथा ग्राम महेदू (थाना चिल्ला) निवासी विजय पाल का 9 वर्षीय नाती अरुण


कुमार उक्त आवासीय विद्यालय में रहकर पढ़ाई करते थे। परिजनों के अनुसार, 18 अगस्त 2026 को स्कूल में जहरीला/दूषित भोजन खाने से नितिन की तबीयत बिगड़ गई। स्कूल वाले उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल बांदा ले गए और प्राथमिक उपचार के बाद वापस ले आए। दोबारा तबीयत बिगड़ने पर जब उसे जिला अस्पताल लाया गया, तब उसकी मौत हो चुकी थी।

परिजनों ने बताया कि दूसरे छात्र अरुण कुमार की तबीयत बिगड़ने पर उसे जिला अस्पताल से मेडिकल कॉलेज बांदा के लिए रेफर किया गया, लेकिन परिजनों के वहां पहुंचने से पहले ही अरुण ने भी दम तोड़ दिया। पीड़ितों का आरोप है कि बच्चों द्वारा बार-बार अपने माता-पिता को सूचित करने की गुहार लगाने के बावजूद विद्यालय प्रबंधक ओमप्रकाश कुशवाहा और उनके पुत्र सोनू ने परिजनों को समय पर जानकारी नहीं दी। शिकायती पत्र में आरोप लगाया गया है कि बी०एल० विद्या मन्दिर आवासीय विद्यालय बिना मान्यता के तथा मानकविहीन और अवैध रूप से संचालित किया जा रहा है। ग्रामीणों ने मांग करते हुये कहा कि विद्यालय की निष्पक्ष विभागीय जांच कराई जाए, बच्चों की जिंदगी से खिलवाड़ करने वाले इस अवैध स्कूल की मान्यता तुरंत समाप्त की जाए, घोर लापरवाही और क्रूरता बरतने वाले विद्यालय प्रबंधक एवं जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages