10 रुपये से 500 रुपये तक की राखियों की मांग
बांदा, के एस दुबे । रक्षाबंधन का पावन त्योहार नजदीक आते ही बांदा के बाजारों में गजब की रौनक देखने को मिल रही है। गुरुवार को जिले में हुई भारी बारिश, सड़कों पर जलभराव और बाजार बंदी का दिन होने के बावजूद श्रद्धालुओं और खरीदारों के उत्साह में कोई कमी नहीं आई। बारिश से बचते-बचाते बहनें अपने भाइयों के लिए राखियां खरीदने पहुंचीं, वहीं पुरुष भी मिठाई, कपड़े और उपहारों की खरीदारी में व्यस्त नजर आए। बांदा के मुख्य बाजारों में राखी की दुकानों पर विभिन्न प्रकार की रंग-बिरंगी राखियों की भरमार है। दुकानों पर लाल, पीली, हरी और आकर्षक डिजाइन वाली फैंसी राखियां लोगों का ध्यान खींच रही हैं। खासकर छोटे बच्चों के लिए सुपरहीरो और कार्टून कैरेक्टर थीम वाली राखियां बाजार में खूब बिक रही हैं। दुकानों पर राखी खरीदने के लिए महिलाओं और युवतियों की भारी भीड़ बनी हुई है।
गुरुवार को हुई तेज बारिश के कारण कई मार्गों पर जलभराव और फिसलन की स्थिति बन गई। इसके बावजूद लोग छाते और रेनकोट लेकर खरीदारी के लिए बाहर निकले। मुख्य बाजार में ई-रिक्शा और दोपहिया वाहनों की लगातार आवाजाही से दिनभर चहल-पहल बनी रही। राखी के अलावा कपड़े, मिठाई और गिफ्ट आइटम्स की दुकानों पर भी ग्राहकों की अच्छी-खासी भीड़ देखने को मिली।
स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि इस बार राखियों का व्यापार बहुत अच्छा चल रहा है। बाजार में ग्राहकों के बजट के हिसाब से 10 रुपये से लेकर 500 रुपये तक की राखियां उपलब्ध कराई गई हैं। सामान्य राखियों के साथ-साथ फैंसी और प्रीमियम डिजाइन वाली राखियों की मांग सबसे ज्यादा है। दुकानदारों को पूरी उम्मीद है कि रक्षाबंधन से ठीक एक दिन पहले और त्योहार वाले दिन बाजार में ग्राहकों की संख्या में और इजाफा होगा। इस भारी भीड़ और मांग को देखते हुए मिठाई विक्रेताओं और उपहार विक्रेताओं ने भी अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं।


No comments:
Post a Comment