बांदा, के एस दुबे । तिंदवारी थाना क्षेत्र अंतर्गत बेंदाघाट स्थिति यमुना पुल पर गुरुवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक 65 वर्षीय वृद्ध ने अचानक नदी में छलांग लगा दी। हालांकि, पुल के नीचे मौजूद स्थानीय मछुआरों और गोताखोरों की सतर्कता व तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया। गोताखोरों ने अपनी जान पर खेलकर वृद्ध को सुरक्षित नदी से बाहर निकाल लिया। मिली जानकारी के मुताबिक, तिंदवारी थाना क्षेत्र के सेमरी गांव निवासी छोटेलाल सिंह (65) पुत्र जगतपाल सिंह गुरुवार सुबह बेंदाघाट स्थित यमुना पुल पर पहुंचे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वह काफी देर तक पुल की रेलिंग के पास संदिग्ध परिस्थितियों में घूमते रहे। इससे पहले कि वहां मौजूद लोग कुछ समझ पाते, छोटेलाल अचानक रेलिंग पर चढ़े और सीधे यमुना नदी में छलांग लगा दी।
वृद्ध को नदी के गहरे पानी में गिरता देख पुल के नीचे मौजूद स्थानीय मछुआरे और गोताखोर बिना एक पल गंवाए तुरंत पानी में कूद पड़े। गोताखोरों ने तेज बहाव के बीच तैरकर वृद्ध को पकड़ा और कड़ी मशक्कत के बाद उन्हें पानी से बाहर निकाला। नदी से बाहर लाते समय वृद्ध बेहोशी की हालत में थे। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। मौके पर मौजूद बेंदा चौकी प्रभारी संतोष सिंह, पूर्व प्रधान विवेक सिंह तथा दलजीत सिंह वीरू की सहायता से बेहोश वृद्ध को तत्काल एम्बुलेंस के जरिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तिंदवारी पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज जारी है। प्रशासन और स्थानीय लोगों ने समय पर तत्परता दिखाकर वृद्ध की जान बचाने वाले बहादुर मछुआरों व गोताखोरों की सराहना की है। पुलिस परिजनों से संपर्क कर वृद्ध द्वारा यह आत्मघाती कदम उठाए जाने के कारणों की जांच कर रही है।


No comments:
Post a Comment