आवासीय विद्यालय में तीन छात्रों की तबीयत बिगड़ी, दो की मौत, तीसरे का ट्रामा सेंटर में इलाज - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Tuesday, August 18, 2026

आवासीय विद्यालय में तीन छात्रों की तबीयत बिगड़ी, दो की मौत, तीसरे का ट्रामा सेंटर में इलाज

बांदा, के एस दुबे । कोतवाली नगर क्षेत्र के झील का पुरवा स्थित बीएल विद्या मंदिर आवासीय विद्यालय के हॉस्टल में रविवार देर रात तीन छात्रों की अचानक तबीयत बिगड़ गई। आनन-फानन में तीनों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान दो छात्रों की मौत हो गई, जबकि तीसरे छात्र का इलाज ट्रामा सेंटर में चल रहा है। मृतकों की पहचान सरसवाह निवासी 12 वर्षीय नितिन और 14 वर्षीय अरुण के रूप में हुई है। नितिन की हालत गंभीर होने पर उसे रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया था, लेकिन उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई। तीसरे छात्र योगेश का जिला अस्पताल के ट्रामा सेंटर में उपचार जारी है। एक ही हॉस्टल में रहने वाले तीन छात्रों की अचानक तबीयत बिगड़ने और दो की मौत की सूचना मिलते ही विद्यालय परिसर में हड़कंप मच गया। परिजन अस्पताल पहुंचे तो वहां चीख-पुकार मच गई। घटना के बाद विद्यालय में भी शोक का माहौल है।



अचानक तबीयत बिगड़ने से उठे सवाल

एक साथ तीन छात्रों की तबीयत अचानक बिगड़ने की घटना ने विद्यालय की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि छात्रों की हालत किस वजह से बिगड़ी। भोजन, पानी, संक्रमण या किसी अन्य कारण की आशंका को लेकर जांच की जा रही है। वास्तविक कारण पोस्टमार्टम और जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट होगी। जांच में यदि किसी की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। घटना ने आवासीय विद्यालयों में छात्र-छात्राओं की सुरक्षा, भोजन-पानी की गुणवत्ता, स्वास्थ्य निगरानी और आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अभिभावकों की मांग है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और यदि किसी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।



No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages