राजेश दीक्षित के नेतृत्व में चार ग्राम पंचायतों में पहुंचे कांग्रेस पदाधिकारी, ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनीं
बांदा, के एस दुबे । उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री अजय राय के निर्देश पर बांदा जनपद में कांग्रेस पार्टी द्वारा “चंदा चोरो, गद्दी छोड़ो” अभियान के तहत चौपाल बैठकों का आयोजन किया गया। कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजेश दीक्षित के नेतृत्व में ग्राम पंचायत बड़ोखर खुर्द, घुरौंडा, बरसड़ा खुर्द और जखनी में आयोजित बैठकों में पार्टी पदाधिकारियों एवं ग्रामीणों ने हिस्सा लिया। चौपाल बैठकों को संबोधित करते हुए कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजेश दीक्षित ने अयोध्या स्थित राम मंदिर में चढ़ावे से संबंधित कथित चोरी और जांच के मुद्दे को लेकर केंद्र एवं प्रदेश सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि इस मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग की जा रही है और कांग्रेस पार्टी इस मुद्दे को जनता के बीच उठाती रहेगी।
राजेश दीक्षित ने कहा कि भाजपा सरकार को राम मंदिर से जुड़े चढ़ावे के मामले में जनता के सवालों का जवाब देना चाहिए और जांच प्रक्रिया को लेकर स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि मामले में प्रभावशाली लोगों को बचाने का प्रयास किया जा रहा है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कहा कि पार्टी जनता की आस्था से जुड़े मुद्दों पर पारदर्शी जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करती है।
उन्होंने कहा कि भाजपा राम के नाम पर राजनीति करती रही है, लेकिन आस्था और धार्मिक स्थलों से जुड़े मामलों में पारदर्शिता सुनिश्चित करना भी सरकार की जिम्मेदारी है। कांग्रेस नेताओं ने चौपाल के माध्यम से ग्रामीणों से संवाद स्थापित करते हुए विभिन्न स्थानीय और जनसमस्याओं की जानकारी भी ली। बैठकों में ग्रामीणों ने अपनी-अपनी ग्राम पंचायतों की विभिन्न समस्याओं से कांग्रेस पदाधिकारियों को अवगत कराया। कांग्रेस नेताओं ने आश्वासन दिया कि ग्रामीणों की समस्याओं को ज्ञापन के माध्यम से जिलाधिकारी के समक्ष रखा जाएगा।
कार्यक्रमों में जिला महासचिव कालीचरण निगम, जिला कंट्रोल रूम प्रभारी बी. लाल भाई, बांदा कांग्रेस सोशल मीडिया जिलाध्यक्ष संतोष कुमार द्विवेदी और लालबाबू राजपूत सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं ग्रामीण मौजूद रहे। ग्राम पंचायत बड़ोखर खुर्द में ग्राम अध्यक्ष दिलीप वर्मा, राहुल श्रीवास, सुनील प्रजापति और सद्दाम हुसैन मौजूद रहे। घुरौंडा में ग्राम अध्यक्ष लवलेश कबीर, रविशंकर त्रिवेदी, प्रदीप कुमार, गुलाब और बूथ अध्यक्ष हरिओम शामिल हुए।
बरसड़ा खुर्द में ग्राम अध्यक्ष शिवमोहन, रफीक खान, जुगनू, शेर मोहम्मद और राकेश मौजूद रहे, जबकि जखनी में ग्राम पंचायत अध्यक्ष शिवप्रसाद त्यागी, बूथ अध्यक्ष रामजस एवं योगेंद्र प्रजापति, रामनरेश उर्फ मंगू, जफर मोहम्मद, शब्बीर मोहम्मद और धीरज सिंह सहित काफी संख्या में ग्रामीणों ने सहभागिता की। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि “चंदा चोरो, गद्दी छोड़ो” अभियान के माध्यम से पार्टी जनता के बीच जाकर विभिन्न मुद्दों पर संवाद कर रही है और ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं को प्रशासन तक पहुंचाने का काम करेगी।


No comments:
Post a Comment