बांदा, के एस दुबे । सद्भावना सेवा मंच के अध्यक्ष प्रमोद गुप्ता ‘राजा’ के नेतृत्व में सोमवार को संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने बांदा शहर की विभिन्न समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग को लेकर जिलाधिकारी को सात सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया कि बांदा शहर तेजी से विकास की ओर अग्रसर है और लगातार बढ़ती आबादी के साथ नए आवासों का निर्माण हो रहा है। शहर के कई इलाकों में बिजली विभाग की हाईटेंशन लाइनें लोगों के घरों के ऊपर से गुजर रही हैं और तारों की स्थिति भी जर्जर बताई गई है। संगठन ने कहा कि पूर्व में ऐसी लाइनों के कारण जान-माल की घटनाएं हो चुकी हैं, इसलिए भविष्य में किसी दुर्घटना की पुनरावृत्ति रोकने के लिए हाईटेंशन लाइनों को सुरक्षित स्थान से निकाला जाना आवश्यक है।
ज्ञापन में शहर के बाहरी और नई आबादी वाले क्षेत्रों में बिजली के खंभे लगाए जाने की भी मांग की गई। बताया गया कि कई घरों तक बिजली के खंभे नहीं पहुंचे हैं, जिसके कारण लोग दूर से लठ्ठा, बांस और बल्लियों के सहारे बिजली के तार ले जाकर उपयोग कर रहे हैं। इससे करंट और दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ है।
सद्भावना सेवा मंच ने बारिश के बाद शहर की सड़कों में हुए बड़े-बड़े गड्ढों को भी गंभीर समस्या बताया। संगठन ने कहा कि खराब सड़कों के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं और गड्ढों को तत्काल भरवाया जाना चाहिए। ज्ञापन में हल्की बारिश के दौरान भी शहर में होने वाले जलभराव पर चिंता जताई गई। संगठन ने जिलाधिकारी से शहरवासियों को जलभराव की समस्या से निजात दिलाने के लिए प्रभावी और ठोस कदम उठाने की मांग की।
शहर में बढ़ते अतिक्रमण और जाम की समस्या को लेकर भी कार्रवाई की मांग की गई। ज्ञापन में कहा गया कि गायत्री नगर चौराहे सहित गूलर नाका, छावनी, पीली कोठी, रेलवे स्टेशन, रोडवेज बस स्टैंड, कालूकुआं, सब्जी मंडी, चौक बाजार, महेश्वरी देवी और बलखंडी नाका समेत कई स्थानों पर अतिक्रमण के कारण जाम की स्थिति बनी रहती है। गायत्री नगर चौराहे पर सड़क किनारे बड़ी संख्या में ठेलियां लगने से भीषण जाम लगने और विवाद की स्थिति बनने की बात कही गई।
संगठन ने सट्टन चौराहे से गोल कोठी रोड तक की सड़क तथा अवस्थी पार्क, नगर पालिका और डीएवी कॉलेज क्षेत्र की क्षतिग्रस्त सड़कों के निर्माण की भी मांग की। कहा गया कि सड़कों की बदहाल स्थिति के कारण आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गायत्री नगर बबेरू रोड से कालका चौराहे तक बने डिवाइडर में पर्याप्त कट न होने का मुद्दा भी ज्ञापन में उठाया गया। संगठन ने कहा कि इस मार्ग पर स्कूल और मंदिर स्थित हैं, लेकिन डिवाइडर में कट नहीं होने से महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को सड़क पार करने में कठिनाई होती है। मांग की गई कि आवश्यक स्थानों पर डिवाइडर में कट बनाए जाएं।
इसके अलावा गायत्री नगर बबेरू रोड के चौड़ीकरण के बाद सड़क किनारे पेड़ों की बची हुई जड़ों और चबूतरों को हटाने की मांग की गई। संगठन का कहना है कि इनके कारण दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है और अतिक्रमण को भी बढ़ावा मिल रहा है। ज्ञापन सौंपने वालों में सद्भावना सेवा मंच के अध्यक्ष प्रमोद गुप्ता ‘राजा’, प्रमुख महासचिव कुदरत उल्ला, उपाध्यक्ष साजिद डॉलर, महासचिव नासिर खान, वीरेंद्र गुप्ता बाबू, निशा वर्मा, उर्मिला वर्मा, राजकुमार गुप्ता राजू, अनमोल जड़िया, नेतराम वर्मा, इरफान खान, रहीस खान, गुलशन सोनी, बबलू श्रीवास, संदीप गुप्ता, गामा गुप्ता, विनय गुप्ता, जमुना गुप्ता, हर्षित द्विवेदी, बबलू, अनुराग यादव, शाहिद बेग चांद, अवधेश सोनी, अमर पाल और अरशद खान सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।


No comments:
Post a Comment