बबेरू/बांदा, के एस दुबे । थाना बिसंडा पुलिस ने चोरी के मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए शत-प्रतिशत आभूषण बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 9 लाख रुपये बताई गई है। आरोपी ने अपने ही घर में अपनी भाभी के आभूषण चोरी किए थे। पुलिस के अनुसार, ग्राम सिकलोढ़ी निवासी दयाराम ने 16 अगस्त 2026 को अपने घर से कीमती आभूषण और नकदी चोरी होने की सूचना थाना बिसंडा में दी थी। मामले में अभियोग पंजीकृत कर पुलिस ने आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की।
इसी क्रम में 18 अगस्त को बिसंडा पुलिस गश्त एवं चेकिंग कर रही थी। तभी मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने रामबली पुत्र दयाराम निवासी ग्राम गोकुल पुरवा, सिकलोढ़ी को गोकुल पुरवा–इटरा मिलौली मार्ग स्थित पुलिया के पास से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने 15 अगस्त को अपनी भाभी के आभूषण चोरी करने की बात स्वीकार की। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी किए गए सभी आभूषण बरामद कर लिए। बरामद आभूषण में एक जोड़ी छोटी झुमकी (पीली धातु) एक जोड़ी बड़ी झुमकी (पीली धातु) एक मंगलसूत्र मोती सहित (पीली धातु) एक मनचली (पीली धातु) एक लॉकेट माला मोती सहित (पीली धातु) एक छागल (सफेद धातु) एक हाफपेटी (सफेद धातु) एक कमरपेटी (सफेद धातु) दो जोड़ी पायल (सफेद धातु)
पुलिस ने बरामद आभूषणों की अनुमानित कीमत करीब 9 लाख रुपये बताई है। पुलिस के मुताबिक मामले में मु0अ0सं0 388/26, धारा 305(ए)/317(2) बीएनएस, थाना बिसंडा, जनपद बांदा में अभियोग पंजीकृत है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष बिसंडा चन्द्रप्रकाश तिवारी, उपनिरीक्षक रविन्द्रनाथ दुबे, हेड कांस्टेबल सर्वेश यादव, कांस्टेबल आदित्य एवं महिला कांस्टेबल प्रीति यादव शामिल रहे।


No comments:
Post a Comment