चित्रकूट, सुखेन्द्र अग्रहरि : मुख्य विकास अधिकारी डीपी पाल ने उद्योग विभाग की ओर से संचालित योजनाओं की समीक्षा बैठक में बैंकों में लंबित पत्रावलियों पर नाराजगी जताई। उन्होंने सभी बैंक प्रबंधकों को निर्देश दिए कि अनुदान और ऋण से संबंधित फाइलों का तत्काल निस्तारण कर पात्र लोगों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाया जाए। बैठक में जिला उद्योग अधिकारी चंद्र प्रकाश पटेल ने बताया कि मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना में 79 लाभार्थियों का लक्ष्य मिला है। अब तक 99 आवेदन प्राप्त हुए, 80 बैंक भेजे गए और 29 स्वीकृत हुए हैं। इनमें 19 को ऋण वितरित किया जा चुका है। वहीं 22 लाभार्थियों ने मार्जिन मनी का दावा किया, जिसमें पांच को राशि मिल चुकी
है। इसी प्रकार मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान में 1200 के लक्ष्य के सापेक्ष 946 आवेदन मिले और 756 बैंक भेजे गए, जिनमें 283 ऋण स्वीकृत हुए हैं। इसके अलावा एक जनपद एक उत्पाद योजना में आठ के लक्ष्य के सापेक्ष 14 आवेदन मिले, 11 बैंक भेजे गए और दो को ऋण मिला। एक जनपद एक व्यंजन योजना में सात आवेदन मिले, छह बैंक भेजे गए, लेकिन कोई स्वीकृत नहीं हुआ। इस पर सीडीओ ने एलडीएम को लंबित फाइलें शीघ्र स्वीकृत कराने के निर्देश दिए। साथ ही पीएम सूर्य घर योजना का व्यापक प्रचार कर अधिक लोगों को लाभ दिलाने को कहा। इस मौके पर सम्बन्धित अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।


No comments:
Post a Comment