सदर विधायक के नेतृत्व में तिरंगा यात्रा में उमड़ा जनसैलाब - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Thursday, August 13, 2026

सदर विधायक के नेतृत्व में तिरंगा यात्रा में उमड़ा जनसैलाब

25 हजार से अधिक लोगों ने लिया हिस्सा, भारत माता के जयघोष से गूंजा बांदा

बांदा, के एस दुबे । देश की आन-बान-शान और स्वतंत्रता संग्राम के अमर शहीदों को नमन करते हुए गुरुवार को बांदा सदर विधानसभा क्षेत्र में विशाल तिरंगा पद यात्रा निकाली गई। सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी और भाजपा जिलाध्यक्ष कल्लू सिंह राजपूत के नेतृत्व में निकली यात्रा में 25 हजार से अधिक लोगों ने भाग लिया। हाथों में तिरंगा लिए बच्चे, युवा, महिलाएं और बुजुर्ग पूरे उत्साह के साथ यात्रा में शामिल हुए। पद यात्रा में मुख्य अतिथि विधान परिषद सदस्य एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष युवा मोर्चा प्रांशु दत्त द्विवेदी रहे, जबकि अध्यक्षता क्षेत्रीय अध्यक्ष रामकिशोर साहू ने की। कार्यक्रम के जिला संयोजक भाजपा जिला उपाध्यक्ष राजभवन उपाध्याय रहे।


उमस भरी गर्मी के बावजूद लोगों के उत्साह में कोई कमी नहीं दिखाई दी। पूरे मार्ग में ‘भारत माता की जय’ और राष्ट्रभक्ति के नारों से वातावरण गूंजता रहा। यात्रा के स्वागत के लिए शहर में जगह-जगह स्वागत द्वार बनाए गए थे। व्यापारियों और सामाजिक संगठनों ने स्वागत स्टॉल लगाकर यात्रियों का स्वागत किया। कई स्थानों पर पुष्पवर्षा, माल्यार्पण और शीतल पेय पदार्थों का वितरण किया गया। जिला उद्योग व्यापार मंडल की ओर से बाबूलाल चौराहे पर विशेष स्वागत स्टॉल लगाया गया। यहां तिरंगा यात्रा का भव्य स्वागत करने के साथ सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी का माल्यार्पण कर सम्मान किया गया।

यात्रा में शिक्षक, अधिवक्ता, चिकित्सक, व्यापारी, कवि, सामाजिक कार्यकर्ताओं सहित विभिन्न वर्गों के लोगों ने सहभागिता की। भाजपा जिलाध्यक्ष कल्लू सिंह राजपूत, नरैनी विधायक ओममणि वर्मा, नगर पालिका चेयरमैन मालती गुप्ता बासू, पूर्व सांसद आर.के. सिंह पटेल, पूर्व विधायक राजकरन कबीर, अजय पटेल, ब्लॉक प्रमुख स्वर्ण सिंह सोनू, जिला महामंत्री निखिल सक्सेना, ममता मिश्रा सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। विशाल तिरंगा पद यात्रा ने शहर में राष्ट्रभक्ति का संदेश देते हुए यह संदेश दिया कि तिरंगा देश की एकता, अखंडता, गौरव और राष्ट्रीय स्वाभिमान का प्रतीक है। बड़ी संख्या में लोगों की सहभागिता ने स्वतंत्रता दिवस से पहले बांदा में देशभक्ति के उत्साह को और मजबूत कर दिया।



No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages