राष्ट्रीय लोक अदालत में 1.18 लाख से अधिक मामलों का हुआ निस्तारण - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Sunday, September 13, 2026

राष्ट्रीय लोक अदालत में 1.18 लाख से अधिक मामलों का हुआ निस्तारण

चित्रकूट,  सुखेन्द्र अग्रहरि : राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में शनिवार को जनपद न्यायालय में राष्ट्रीय लोक अदालत आयोजित हुई। शुभारंभ जनपद न्यायाधीश शेषमणि शुक्ला ने फीता काटकर व दीप प्रज्वलित कर किया। आपसी सुलह-समझौते के आधार पर कुल 1,18,739 मामलों का निस्तारण हुआ और 29,34,80,818 रुपये अर्थदंड, प्रतिकर व बैंक ऋण वसूली के रूप में प्राप्त हुए। जनपद न्यायाधीश ने छह वाद निस्तारित कर 12,45,500 रुपये समझौता राशि जमा कराई। मोटर दुर्घटना दावा न्यायाधिकरण के पीठासीन अधिकारी पद्माकरमणि त्रिपाठी ने 42 वादों में 25,95,68,000 रुपये प्रतिकर दिलाया।


परिवार न्यायालय में सात वाद निस्तारित हुए। इनमें वर्षों से अलग रह रहे चार दंपतियों में सुलह कराकर उन्हें साथ भेजा गया। उन्हें ‘एक पेड़ जीवन साथी के नाम’ लगाने के लिए पौधे भी दिए गए। अन्य न्यायिक अधिकारियों ने भी बड़ी संख्या में वाद निस्तारित किए। कुल 1350 न्यायिक वादों में 26,40,78,868 रुपये की राशि संबंधित पक्षों को मिली। राजस्व एवं अन्य विभागों ने 1,17,389 मामलों का निस्तारण कर 2,94,01,950 रुपये की वसूली की। लोक अदालत के नोडल अधिकारी अपर जिला जज राममणि पाठक ने बताया कि पेमेंट सेतु एप के माध्यम से 33 वर्चुअल चालानों का निस्तारण कर 22,500 रुपये अर्थदंड जमा कराया गया। इस दौरान न्यायिक अधिकारी, बैंक प्रबंधक, न्यायालय कर्मचारी, न्याय रक्षक और अधिकारमित्र मौजूद रहे।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages