चित्रकूट, सुखेन्द्र अग्रहरि : सदर विकासखंड की ग्राम पंचायत दुबारीं स्थित गौशाला के निरीक्षण में व्यवस्थाओं में कमी मिलने पर मुख्य विकास अधिकारी डीपी पाल ने नाराजगी जताई। गौशाला की क्षमता 100 से अधिक होने के बावजूद मौके पर केवल 58 गौवंश मिले। इस पर सीडीओ ने ग्राम प्रधान और ग्राम पंचायत सचिव से जवाब-तलब करते हुए सात दिन में स्पष्टीकरण मांगा है। निरीक्षण के दौरान सीडीओ ने गौशाला में गौवंशों के रखरखाव, चारा-पानी, साफ-सफाई और स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि गौवंशों के संरक्षण और देखभाल में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी कमियां तत्काल दूर
कराने और अनुपालन आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। सीडीओ ने उप पशु चिकित्साधिकारी को गौशाला में मौजूद सभी गौवंशों का नियमित टीकाकरण कराने तथा पेट के कीड़े मारने की दवा खिलाने के निर्देश दिए। साथ ही पशुओं के स्वास्थ्य की लगातार निगरानी करने को कहा। खंड विकास अधिकारी महिमा विद्यार्थी ने एक सप्ताह के भीतर व्यवस्थाओं में सुधार कराने का आश्वासन दिया। सीडीओ ने एडीओ पंचायत और ग्राम पंचायत सचिव को गौशाला के सुचारु संचालन की जिम्मेदारी सौंपते हुए पर्याप्त चारा-पानी और नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित समय में कमियां दूर कर रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाए। इस मौके पर सम्बन्धित अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।


No comments:
Post a Comment