राष्ट्रीय लोक अदालत में 1,23,708 वादों का निस्तारण - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Saturday, September 12, 2026

राष्ट्रीय लोक अदालत में 1,23,708 वादों का निस्तारण

17.58 करोड़ रुपये से अधिक अर्थदंड वसूला, पीड़ित पक्षों को भी करोड़ों की राहत

बांदा, के एस दुबे । शनिवार को जनपद न्यायालय बांदा, बाह्य न्यायालय अतर्रा, बबेरू, नरैनी सहित तहसील मुख्यालयों में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया। इसका शुभारंभ जनपद न्यायाधीश श्रीमती अल्पना ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। लोक अदालत में कुल 1,23,708 वादों का सुलह-समझौते के आधार पर निस्तारण किया गया। इस दौरान कुल 17,58,61,618 रुपये का अर्थदंड वसूल किया गया। मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण के पीठासीन अधिकारी सुनील कुमार यादव ने 71 वादों का निस्तारण करते हुए बीमा कंपनियों से पीड़ित पक्षों को 3.92 करोड़ रुपये दिलाए। विशेष न्यायाधीश ईसी एक्ट संजय कुमार सिंह ने 167 वाद निस्तारित कर 24,18,086 रुपये


अर्थदंड लगाया। विद्युत विभाग से संबंधित 9,882 प्री-लिटिगेशन वादों का भी निस्तारण हुआ, जिसमें 7,25,94,378 रुपये की वसूली की गई। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ज्योत्सना यादव ने 242 चालानों का निस्तारण करते हुए दो लाख रुपये अर्थदंड लगाया। सिविल जज सीडी अंशुमाली पाण्डेय ने 11 वाद निस्तारित किए तथा चार उत्तराधिकार वादों में 42,47,408 रुपये के उत्तराधिकार प्रमाण पत्र जारी किए।

रेलवे के अपर सीजेएम दिव्यकान्त सिंह राठौर ने सर्वाधिक 564 वादों का निस्तारण करते हुए 4,90,410 रुपये अर्थदंड अधिरोपित किया। वहीं बबेरू के सिविल जज तुषार जायसवाल ने 193 वादों का निस्तारण किया और चेक बाउंस के दो मामलों में पीड़ित पक्ष को 2,67,000 रुपये दिलाए। राजस्व विभाग के न्यायालयों द्वारा 81,570 वाद, आरटीओ बांदा द्वारा 16,802 वाद, पुलिस विभाग द्वारा 12,640 वाद तथा उपभोक्ता फोरम व अन्य विभागों द्वारा 216 वादों का निस्तारण किया गया। बैंकों ने 936 मामलों में समझौता कराते हुए कर्जदारों से 9.95 करोड़ रुपये की वसूली की। बीएसएनएल ने भी 11 वादों का निस्तारण कर 10,874 रुपये वसूले।

स्थायी लोक अदालत के अध्यक्ष विवेक कुमार गुप्ता ने छह वाद निस्तारित कर पीड़ित पक्षों को 15,000 रुपये दिलाए। लोक अदालत के उद्घाटन समारोह में न्यायिक अधिकारीगण, जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष विमल कुमार सिंह, महासचिव राजेश त्रिपाठी, जिला अग्रणी प्रबंधक बैंक रवि शंकर सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। न्यायिक एवं बैंक अधिकारियों का पौधा और स्मृति चिन्ह भेंटकर स्वागत किया गया। जनपद न्यायालय परिसर में विभिन्न विभागों की ओर से जागरूकता स्टॉल भी लगाए गए।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages