बांदा, के एस दुबे । पुलिस लाइन सभागार में शुक्रवार को अपर पुलिस अधीक्षक बांदा शिवराज की अध्यक्षता में पुलिस पेंशनर्स के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में पेंशनर्स ने पेंशन, चिकित्सा सुविधा, पारिवारिक पेंशन, लंबित प्रकरणों सहित विभिन्न विभागीय समस्याओं को रखा। अपर पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों और शाखाओं को समस्याओं का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कराने के निर्देश दिए। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक ने सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों के विभाग के प्रति योगदान, निष्ठा और समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि “पुलिसकर्मी नौकरी से सेवानिवृत्त होते हैं, सेवा से नहीं।” उन्होंने कहा कि पेंशनर्स का अनुभव और मार्गदर्शन
विभाग एवं समाज के लिए आज भी महत्वपूर्ण है। पुलिस प्रशासन की ओर से पेंशनर्स के सम्मान, सुविधा और कल्याण के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया गया। बैठक के समापन पर 75 वर्ष या उससे अधिक आयु के छह वरिष्ठ पुलिस पेंशनर्स, पुलिस पेंशनर्स कल्याण संस्थान बांदा के 12 पदाधिकारियों तथा संस्थान की सदस्यता ग्रहण करने वाले छह नए सदस्यों को सम्मानित किया गया।
75 वर्ष से अधिक आयु के सम्मानित पेंशनर्स में जानकी प्रसाद (90), सियाप्यारी सिंह गौतम (80), बुलाकी प्रसाद (76), श्यामलाल सोनी (75), महाप्रसाद मिश्र (75) और शिवशरण यादव (75) शामिल रहे। वहीं पुलिस पेंशनर्स कल्याण संस्थान के महासचिव जयकरन सिंह, सचिव शंखवाणी मिश्र, हरि प्रसाद सोनकर, कोषाध्यक्ष अलकू विश्वकर्मा, नियाज अहमद खां, नारायण बाबू तिवारी, बुद्ध प्रकाश दीक्षित, बलवीर सिंह, चन्द्रिका प्रसाद, शंकर प्रसाद तिवारी, सत्यप्रकाश द्विवेदी और रामऔतार विश्वकर्मा को भी सम्मानित किया गया। संस्थान की सदस्यता ग्रहण करने वाले इकबाल खां, चुनकाई सिंह, नरेन्द्र पाल, कामता प्रसाद यादव, बृजेन्द्र प्रसाद त्रिपाठी और चुनवाद प्रसाद का भी सम्मान किया गया। सम्मान के दौरान सभी पेंशनर्स के स्वस्थ, सुखद एवं दीर्घायु जीवन की कामना की गई। पेंशनर्स ने समस्याओं को गंभीरता से सुनने और सम्मानित करने के लिए पुलिस प्रशासन का आभार जताया।


No comments:
Post a Comment