बांदा, के एस दुबे । तिंदवारी-परसौडा संपर्क मार्ग पर शनिवार को एक रफ्तार का कहर देखने को मिला, जहां तेज गति ई-रिक्शा पलटने से 6 वर्षीय मासूम की दबकर मौत हो गई, जबकि उसकी मां गंभीर रूप से घायल हो गई। मासूम की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है, वहीं आरोपी चालक मौके से फरार हो गया। जानकारी के अनुसार, परसौडा गांव निवासी शशिकांत मिश्र की पत्नी जय देवी अपने 6 वर्षीय इकलौते पुत्र शिवा के साथ तिंदवारी में इलाज कराने आई थीं। उपचार के बाद दोनों ई-रिक्शा में सवार होकर वापस गांव लौट रहे थे।
जैसे ही ई-रिक्शा तिंदवारी-परसौडा मार्ग स्थित हनुमान मंदिर के पास पहुंचा, तेज रफ्तार के कारण चालक ने नियंत्रण खो दिया और ई-रिक्शा सड़क किनारे पलट गया। मां-बेटा दोनों वाहन के नीचे दब गए। स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत दोनों को निकालकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तिंदवारी पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने 6 वर्षीय शिवा को मृत घोषित कर दिया। घायल मां का इलाज जारी है। मृतक शिवा यूकेजी कक्षा का छात्र था और अपने माता-पिता की इकलौती संतान था। उसकी अकाल मृत्यु की खबर पहुंचते ही पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
मृतक के चाचा आलोक मिश्रा ने आरोप लगाया है कि ई-रिक्शा चालक शराब के नशे में धुत था और लापरवाही से गाड़ी चला रहा था। घटना के बाद चालक फरार हो गया। तिंदवारी थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी के अनुसार परिजनों की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर फरार चालक की तलाश की जा रही है।


No comments:
Post a Comment