जीत के जश्न से गूंजा इंडोर हाल, युवाओं को नशामुक्त जीवन का संदेश
बांदा, के एस दुबे । खेलों के अद्भुत रोमांच, खिलाड़ियों के अदम्य उत्साह और हजारों दर्शकों की गगनभेदी तालियों के बीच बांदा मिनी ओलंपिक के प्रथम चरण का भव्य एवं दिव्य समापन हुआ। स्पोर्ट्स स्टेडियम बांदा के इंडोर हाल में देर शाम तक चले इस गरिमामयी समारोह में विजेता खिलाड़ियों को जिलाधिकारी अमित आसेरी ने मेडल और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। समारोह को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी अमित आसेरी ने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि युवा पीढ़ी को नशे जैसे दुर्व्यसनों से दूर रहकर खेल मैदान से जुड़ना चाहिए। उन्होंने कहा, ष्खेल केवल शरीर को स्वस्थ नहीं बनाते, बल्कि मन को भी प्रसन्न रखते हैं। स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ
मस्तिष्क का निवास होता है।ष् उन्होंने सफल आयोजन के लिए सभी प्रतिभागियों और आयोजकों को बधाई दी और घोषणा की कि युवाओं को प्रेरित करने के लिए भविष्य में भी ऐसे आयोजन निरंतर आयोजित किए जाएंगे। समापन समारोह का मुख्य आकर्षण कबड्डी का फाइनल मुकाबला रहा। जेएन योद्धा और जेएन कॉलेज के बीच खेले गए इस कांटे के मुकाबले में जेएन योद्धा ने 40-26 से शानदार जीत दर्ज कर खिताब पर कब्जा जमाया। वहीं रस्साकसी के महिला व पुरुष वर्ग के मुकाबलों में खिलाड़ियों के दमखम ने दर्शकों को बांधे रखा।
कार्यक्रम में उस समय भारी उत्साह देखने को मिला जब बांदा मिनी ओलंपिक का शुभंकर ‘पांडा’ अपने साथी ‘भालू दादा’ के साथ हॉल में पहुंचा। दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका स्वागत किया। वालीबाल (सीनियर पुरुष) में अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी आदर्श राय के नेतृत्व वाली बांदा स्टेडियम टीम ने स्वर्ण पदक जीता। बैडमिंटन में पुरुष एकल में अजफर (स्वर्ण) व अर्श सईद (रजत); महिला ओपन में गौरी (स्वर्ण) व मांडवी (रजत); अंडर-15 बालिका एकल में अपूर्वा (स्वर्ण) व गरिमा (रजत)। ताइक्वांडो (अंडर-21) में श्रेयांस (स्वर्ण), कबीर (रजत) और आरएस अथान (कांस्य)। शतरंज में शुभ सोनी ने स्वर्ण जीता। टेबल टेनिस जूनियर बालिका वर्ग में वैभवी को स्वर्ण और कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की रागनी को रजत पदक मिला।शूटिंग में आरव, यशवंत द्विवेदी, श्रेया, नंदिनी, स्मृति और सुमित ने स्वर्ण पदक जीता। ओपन पुरुष वर्ग में डिप्टी लेबर कमिश्नर नासिर खान को भी स्वर्ण पदक से सम्मानित किया गया। उत्कृष्ट योगदान के लिए उपक्रीड़ा अधिकारी कल्पना कमल, जिला ओलंपिक एसोसिएशन के अध्यक्ष रामेंद्र शर्मा, महासचिव व आयोजन सचिव डॉ. इन्द्रवीर सिंह, सुनील सक्सेना, शिवकुमार गुप्ता, काजी जमीर, कमल यादव, प्रकाश पाण्डेय, अभिषेक कुमार सहित अन्य सहयोगियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अजय कुमार पांडेय, सिटी मजिस्ट्रेट दिनेश चन्द्र, डिप्टी कलेक्टर/जिला क्रीड़ा अधिकारी अंकित वर्मा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का प्रभावी संचालन डॉ. इन्द्रवीर सिंह एवं महेश साहिल ने किया।


No comments:
Post a Comment