मासिक धर्म प्रबंधन पर प्रशिक्षण, किशोरियों को वितरित की सखी किट
धाता, फतेहपुर, मो शमशाद । मासिक धर्म से जुड़ी भ्रांतियों व झिझक को दूर कर किशोरियों को स्वच्छता एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से बुधवार को चौधरी शिव सहाय सिंह इंटर कॉलेज जयरामपुर में जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। भारतीय स्टेट बैंक फाउंडेशन के क्लीनिक ऑन व्हील्स परियोजना एवं चाइल्ड सर्वाइवल इंडिया के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में 250 किशोरियों ने सहभागिता की। कार्यक्रम में मोबाइल चिकित्सा इकाई की स्टाफ नर्स ने किशोरियों को मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता बनाए रखने, सैनिटरी पैड के सही इस्तेमाल, समय-समय पर पैड बदलने, हाथों की साफ-सफाई और इस्तेमाल किए गए पैड के सुरक्षित निस्तारण की जानकारी दी। संक्रमण से बचाव के उपायों को भी सरल भाषा में
![]() |
| छात्राओं के बीच सखी किट वितरित करते आयोजक। |
समझाया गया। साथ ही मासिक धर्म से जुड़े मिथकों एवं भ्रांतियों को वैज्ञानिक तथ्यों के माध्यम से दूर किया गया। कार्यक्रम के दौरान किशोरियों को सखी किट वितरित की गई। वक्ताओं ने कहा कि मासिक धर्म एक प्राकृतिक जैविक प्रक्रिया है, जिसके प्रति सही और वैज्ञानिक जानकारी होना किशोरियों के स्वास्थ्य, स्वच्छता, गरिमा और आत्मविश्वास के लिए बेहद जरूरी है। विद्यालय के प्रधानाचार्य धर्मेंद्र कुमार ने कहा कि इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम किशोरियों की झिझक और शंकाओं को दूर करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। चाइल्ड सर्वाइवल इंडिया के प्रबंधक मृत्युंजय पांडेय ने कहा कि किशोरियों तक सही, वैज्ञानिक और व्यवहारिक जानकारी पहुंचाकर उन्हें स्वस्थ एवं सुरक्षित मासिक धर्म प्रबंधन के लिए सक्षम बनाया जा सकता है। कार्यक्रम में शिक्षिका अन्नू समेत विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं कर्मचारी मौजूद रहे। अंत में किशोरियों को स्वयं स्वच्छ एवं सुरक्षित व्यवहार अपनाने के साथ-साथ सही जानकारी अन्य किशोरियों तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया गया।


No comments:
Post a Comment